यमन में मस्जिद पर मिसाइल हमले में 100से ज्यादा सैनिकों की मौत
मारिब के सैन्य शिविर में मौजूद मस्जिद को हूतियों ने निशाना बनाया। मिसाइल से किए गए इस हमले में 100 जवानों की मौत हो गई।
दुबई, एएफपी। यमन के मारिब प्रांत में हाउती विद्रोहियों द्वारा एक मस्जिद पर किए गए मिसाइल और ड्रोन हमले में 100 सैनिक मारे गए हैं। 148 सैनिकों के घायल होने की भी खबर है। यह हमला शनिवार को उस समय किया गया जब सैन्य अड्डे में स्थित इस मस्जिद में जवान शाम की नमाज अदा कर रहे थे। यमन के राष्ट्रपति आबिद रब्बू मंसूर हादी ने हमले की निंदा की है।
फिलहाल हाउती विद्रोहियों ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।विद्रोहियों ने यह हमला सैन्य गठबंधन द्वारा सना के उत्तर में स्थित निम क्षेत्र में हाउती विद्रोहियों के खिलाफ की गई कार्रवाई के एक दिन बाद किया है। निम में रविवार को भी लड़ाई जारी थी। समाचार एजेंसी सबा के मुताबिक हाउती विद्रोहियों के दर्जनों लड़ाके मारे गए हैं।
हाउती विद्रोही देश में अशांति चाहते हैंः राष्ट्रपति
राष्ट्रपति हादी ने कहा, हाउती विद्रोहियों के इस हमले ने साबित कर दिया है कि वह देश में शांति स्थापित करने में किसी प्रकार का सहयोग नहीं देना चाहते। वे मौत और विनाश के अलावा कुछ और नहीं जानते हैं। बता दें कि हाउती विद्रोहियों ने 2014 के अंत में यमन की राजधानी सना समेत देश के ज्यादातर उत्तरी हिस्से को अपने कब्जे में ले लिया था।
विद्रोहियों की लड़ाई में अब तक हजारो नागरिक मारे गए
इसी के साथ वहां गृहयुद्ध शुरू हो गया। तभी से अंतरराष्ट्रीय बिरादरी द्वारा मान्यता प्राप्त यमन सरकार के सैनिक सऊदी अरब के नेतृत्व वाले सैन्य गठबंधन के साथ मिलकर विद्रोहियों से लड़ रहे हैं। इस लड़ाई में हजारों नागरिक मारे गए और लाखों लोग विस्थापित हो चुके हैं। इस लड़ाई से यमन में अशांति बनीं हुई है।
जानें, आखिर क्या है ईरान की सैन्य क्षमता, अमेरिका से युद्ध हुआ तो कहां टिकता है तेहरान...