विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पश्चिम एशिया में फिर बढ़ा तनाव, होर्मुज स्ट्रेट से गुजर रहे जहाज पर हमला

Published: Sun, 13 Sep 2026 11:28 PM (IST)

पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ गया है, जहां होर्मुज स्ट्रेट में एक जहाज पर हमला हुआ और ईरान के तट ...और पढ़ें

होर्मुज स्ट्रेट से गुजर रहे जहाज पर हमला (फाइल फोटो- रॉयटर्स)

होर्मुज स्ट्रेट से गुजर रहे जहाज पर हमला (फाइल फोटो- रॉयटर्स)

HighLights

  1. होर्मुज स्ट्रेट में जहाज पर हमला, ईरान तट पर भी घटना

  2. हूती विद्रोहियों के हमलों से सऊदी अरब में तनाव बढ़ा

  3. वैश्विक तेल आपूर्ति में रुकावट का खतरा मंडरा रहा

रॉयटर्स, दुबई। ब्रिक्स देशों की तरफ से पश्चिम एशिया में अधिक से अधिक संयम बरतने की अपील के बावजूद क्षेत्र में तनाव बढ़ रहा है। रविवार को होर्मुज स्ट्रेट से गुजरते समय एक जहाज पर हमला हुआ, जिससे उसमें आग लग गई।

वहीं ईरान का कहना है कि उसके तट के पास एक ईरानी वाणिज्यिक जहाज पर हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई और चालक दल के चार सदस्य घायल हो गए। नए हमलों से तेल की आपूर्ति में रुकावटें बढ़ने का खतरा बढ़ गया है।

यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड आपरेशंस (यूकेएमटीओ) के अनुसार, अभी हमले की जद में आए जहाज के चालक दस सदस्यों की स्थिति, नुकसान का आकलन और पर्यावरण पर असर के बारे में कोई जानकारी नहीं है।

यूकेएमटीओ ने जहाजों को सावधानी से आगे बढ़ने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना देने की सलाह दी है। सऊदी अरब में सरकारी मीडिया ने दक्षिण में जाजान प्रांत में हूती विद्रोहियों द्वारा किए गए हालिया हमले से घरों और एक मस्जिद को हुए नुकसान का वीडियो जारी किया।

हूती विद्रोहियों ने अलग से दावा किया कि उन्होंने पड़ोसी प्रांत में सऊदी सैन्य अड्डे पर हमला किया है। दक्षिणी सऊदी शहरों में पिछले हफ्ते से लगातार अलर्ट जारी किए जा रहे थे, जो शुक्रवार को ड्रोन हमलों में बदल गए। इन हमलों ने अरब प्रायद्वीप में 1,200 किलोमीटर लंबी ईस्ट-वेस्ट पाइपलाइन को ठप कर दिया है, जो होर्मुज स्ट्रेट से गुजरे बिना पश्चिम एशिया के तेल की वैश्विक आपूर्ति का मुख्य रास्ता थी।

उसी दिन हूती विद्रोहियों ने पेरिम द्वीप पर कब्जा कर लिया, जो बाब अल-मंडेब स्ट्रेट के बीच स्थित है। इसे "गेट आफ टीयर्स" भी कहा जाता है और यह लाल सागर के मुहाने को नियंत्रित करता है। यमन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि उनकी सेनाएं लाल सागर के तट पर लौटेंगी और जवाबी कार्रवाई करेंगी।

चार प्रतिशत वैश्विक तेल आपूर्ति पर खतरा

कारोबारियों और सऊदी तेल खरीदारों ने रविवार को बताया कि सऊदी अरब के पास अपने लाल सागर बंदरगाह यानबू में इतना तेल है कि अगर पाइपलाइन बंद रहती है, तो वह सिर्फ पांच से सात दिनों तक निर्यात जारी रख सकता है। इसके बाद दुनियाभर में तेल आपूर्ति का चार प्रतिशत हिस्सा खतरे में पड़ सकता है। सूत्रों का कहना है कि पाइपलाइन को ठीक करने में कुछ दिनों से लेकर हफ्तों तक लग सकते हैं।

नए प्रवेश व निकास मार्ग पर बनी सहमति

पश्चिम एशिया के युद्ध में पिछले दो हफ्तों में लगातार तेजी आई है। एक कूटनीतिक पहल के तहत ईरानी अधिकारियों ने बताया कि ईरान और ओमान होर्मुज स्ट्रेट के लिए नए प्रवेश एवं निकास मार्ग पर सहमत हो गए हैं और वे सोमवार को मस्कट में होने वाली एक क्षेत्रीय बैठक में अपनी बातचीत के नतीजों के बारे में खाड़ी देशों को जानकारी देंगे।

हालांकि, खाड़ी के अधिकतर देश इस पर चुप हैं। इराक ने कहा है कि वह एक प्रतिनिधिमंडल भेजेगा। बहरीन ने कहा है कि वह किसी भी ईरानी अधिकारी से मुलाकात नहीं करेगा। हालांकि, एक साक्षात्कार में ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा है कि ओमान के साथ किसी भी समझौते के बावजूद ईरान तब तक होर्मुज को फिर से नहीं खोलेगा जब तक अमेरिका उसकी मांगों को पूरा नहीं कर देता।

अमेरिका ने सऊदी से नहीं किया सैन्य मदद का वादा

सूत्रों ने बताया कि सऊदी अरब के वास्तविक नेता क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान ने गुरुवार को ट्रंप को फोन करके हूतियों से लड़ने के लिए सैन्य मदद मांगी थी, लेकिन उन्हें फिलहाल सिर्फ खुफिया जानकारी में मदद का प्रस्ताव मिला है। ट्रंप ने शनिवार को माना कि उन्होंने क्राउन प्रिंस से बात की थी, और कहा कि हूतियों ने भी अमेरिका को फोन करके यमन युद्ध से दूर रहने को कहा है।

पाकिस्तान ने किया सऊदी अरब का समर्थन

पाकिस्तान ने रविवार को सऊदी अरब पर हाल ही में हुए हूती हमलों के बाद उसके साथ पूरी एकजुटता जताई और चेतावनी दी कि इन हमलों से क्षेत्रीय सुरक्षा व वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति को खतरा है। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने सऊदी क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान के साथ फोन पर बातचीत के दौरान यह समर्थन जताया।