अगस्त अंत में सीरिया वार्ता होने की उम्मीद, अमेरिका-रूस निभा सकते है महत्वपूर्ण भूमिका : यूएन
सीरिया में एक बार फिर शांति की उम्मीद जागी है। सीरिया के लिए संयुक्त राष्ट्र के विशेष दूत ने देश के संविधान का नया मसौदा तैयार करने के लिए अगस्त अंत तक वार्ता होने की उम्मीद जताई
संयुक्त राष्ट्र, एपी। सीरिया में एक बार फिर शांति की उम्मीद जागी है। सीरिया के लिए संयुक्त राष्ट्र के विशेष दूत ने देश के संविधान का नया मसौदा तैयार करने के लिए अगस्त अंत तक वार्ता होने की उम्मीद जताई और कहा कि युद्धग्रस्त देश आर्थिक संकट से घिरा हुआ है। पेडरसेन ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद को मंगलवार को बताया कि जिनेवा में संवैधानिक समिति की लंबित तीसरी बैठक महत्वपूर्ण है, लेकिन सीरिया के लोगों की समस्याओं का समाधान ढूंढने के लिए काफी नहीं है, इसके लिए ‘‘अहम अंतरराष्ट्रीय पक्षों के बीच वास्तविक कूटनीति’’ की आवश्यकता है।
यूएन के विशेष दूत ने कहा कि अभी पांच देशों की सेना सीरिया में मौजूद है। पेडरसेन ने पिछले महीने भी रूस और अमेरिका से देश में नौ साल से जारी युद्ध समाप्त करने में मदद करने की अपील की थी। उन्होंने कहा था कि दो प्रमुख शक्तियां 'एक महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।' लेकिन सीरिया में विपक्ष का समर्थन करने वाले अमेरिका और सीरिया के राष्ट्रपति बशर अल असद का समर्थन करने वाले रूस ने इस पर गौर नहीं किया।
संयुक्त राष्ट्र दूत ने कहा कि संरचनात्मक समस्याओं- बुनियादी ढांचे, राजकोषीय और मौद्रिक कुप्रबंधन और भ्रष्टाचार जैसे नए कारकों से अर्थव्यवस्था और बेहाल हुई है।