तुर्किए में बॉलिंग एली मशीन की चपेट में आई 28 साल की महिला, लिवर फटने से गई जान
तुर्किए के कोरुम में एक बॉलिंग एली में पिन-सेटिंग मशीन की चपेट में आने से 28 वर्षीय महिला मेलिके येतेर की मौत हो गई।

बॉलिंग एली मशीन ठीक करते वक्त हुई महिला की मौत (फोटो-सोशल मीडिया)
HighLights
तुर्किए बॉलिंग एली में महिला की मशीन से हुई मौत।
पिन-सेटिंग मशीन ठीक करते समय हुआ यह दर्दनाक हादसा।
आंतरिक रक्तस्राव और लिवर फटने से गई महिला की जान।
डिजिटल डेस्क, अंकारा। तुर्किए में एक बॉलिंग एली में काम करने वाली महिला की पिन-सेटिंग मशीन की चपेट में आने से मौत हो गई। स्थानीय रिपोर्ट के मुताबिक, इस हादसे के बाद एंटरटेनमेंट सेंटर के मालिक को गिरफ्तार कर लिया गया है।
afyonturkeligazetesi.com की रिपोर्ट के मुताबिक, महिला की पहचान 28 वर्षीय मेलिके येतेर के तौर पर हुई है। मेलिके की तीन महीने पहले ही सगाई हुई थी।
मशीन को सही करते वक्त हुआ हादसा
कोरुम (Corum) में एक बॉलिंग एली में बुधवार, 21 अक्टूबर को यह हादसा हुआ। मेलिके येतेर मशीन की खराबी ठीक करने की कोशिश कर रही थीं, तभी वह अचानक मशीन की चपेट में आ गईं।
येतेर को काफी चोटें आईं, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। लेकिन अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद घर पर उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें तुरंत वापस अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों को पता चला कि उन्हें अंदरूनी रक्तस्राव (internal bleeding) हो रहा है।
हादसे में फट गया लिवर
'द सन' की रिपोर्ट के मुताबिक, इस हादसे में महिला का लिवर फट गया, जिससे बहुत ज्यादा खून बहने लगा। जब उनकी हालत बिगड़ने लगी, तो उनके मंगेतर घबरा गए और डॉक्टरों से उन्हें बचाने की गुहार लगाने लगे। उन्होंने अपने परिचित चिकित्सा विशेषज्ञों से भी संपर्क किया।
स्थानीय अखबार 'evrensel.net' के मुताबिक, येतेर की मौत कई तरह की लापरवाहियों के कारण हुई है। उनकी मौत के बाद एंटरटेनमेंट सेंटर के 34 वर्षीय मालिक को गिरफ्तार कर लिया गया है। हालांकि उन पर किन धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है, इसकी जानकारी नहीं दी गई है।
