'Inshallah Tomorrow', ट्रंप की सभ्यता मिटाने की धमकी पर ईरान का करारा पलटवार
अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच सैन्य संघर्ष चरम पर है। अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने समझौते न होने पर 'सभ्यता के ...और पढ़ें

ट्रंप की सभ्यता मिटाने की धमकी पर ईरान का करारा पलटवार।
HighLights
ईरान के खार्ग द्वीप, रेलवे पुलों पर अमेरिकी-इजरायली हमले।
ट्रंप की धमकी: समझौता न होने पर 'सभ्यता का अंत'।
ईरान ने अमेरिका से बातचीत बंद की, राजनयिक संबंध तोड़े।
जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच छिड़ा सैन्य संघर्ष बेहद नाजुक मोड़ पर पहुंच गया। होर्मुज जलमार्ग खोलने और समझौता करने की समयसीमा पूरी होने से पहले ही ईरान के महत्वपूर्ण तेल भंडार वाले खार्ग द्वीप, रेलवे पुलों और बिजली संयंत्रों पर अमेरिकी-इजरायली हमले शुरू हो गए।
इन हमलों के बीच भारत में शाम होते-होते अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने एक और खौफनाक संदेश देते हुए धमकी दी कि अगर इस संघर्ष को खत्म करने का समझौता नहीं होता है तो आज की रात (भारतीय समयानुसार बुधवार सुबह 5.30 बजे) एक समूची सभ्यता ही खत्म हो जाएगी।
ट्रंप की धमकी पर ईरान का पलटवार
ट्रंप की धमकी पर पलटवार करते हुए ईरान ने कहा कि बातचीत की गुंजाइश खत्म हो चुकी है और अमेरिका से कोई बात नहीं होगी। ईरान ने अमेरिका से सभी राजनयिक रिश्तों को तोड़ने का एलान कर दिया। रिवोल्यूशनरी गार्ड ने कहा कि खाड़ी के अमेरिकी सहयोगियों के शहरों को रहने लायक नहीं छोड़ा जाएगा। अमेरिका और उसके सहयोगियों के लिए इस क्षेत्र से तेल और गैस लेना एक सपना बन जाएगा। होर्मुज के साथ-साथ बाब अल मंदेब जलडमरूमध्य भी बंद कर दिया जाएगा।
-1775583775998.jpeg)
राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान ने भी ट्रंप को चेतावनी दी है कि एक करोड़ 40 लाख ईरानी अपने देश की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने के लिए तैयार हैं। इजरायल सेना ने ईरान के लोगों को आगाह किया है कि वे रात नौ बजे के बाद ट्रेन से सफर न करें। अमेरिकी धमकी के चलते ऊर्जा संयंत्रों के आसपास एकजुटता प्रदर्शित करने के लिए मानव श्रृंखला बनाई गई।
ईरान में बढ़ते सुरक्षा जोखिम के बीच भारतीय दूतावास ने वहां मौजूद भारतीय नागरिकों को अगले 48 घंटे तक जहां हैं वहीं सुरक्षित रहने की सलाह दी है। अमेरिका ने बहरीन समेत तमाम देशों में अपने नागरिकों को सुरक्षित ठिकानों पर जाने की सलाह दी है। ट्रंप की चेतावनी के बीच मंगलवार को कच्चा तेल 110 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर पहुंच गया।
न्यूयार्क टाइम्स के अनुसार, धमकियों और चेतावनियों के बीच अमेरिका और ईरान के बीच समझौता कराने की पर्दे के पीछे से लगातार कोशिशें भी आखिरी पल तक जारी रहीं। एक अमेरिकी अधिकारी ने बताया कि ईरान के साथ सकारात्मक बातचीत जारी है और समयसीमा के भीतर समाधान निकल सकता है।
अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस पाकिस्तान के साथ मिलकर ईरान को समझौते के लिए तैयार करने में जुटे रहे। वेंस ने कहा कि खार्ग द्वीप पर हमलों के बावजूद तेल भंडारों पर हमला न करने की हमारी रणनीति कायम रहेगी।
ईरान में मंगलवार को हुए हमलों में 35 से ज्यादा लोग मारे गए। ईरान ने सऊदी अरब के जुबैल पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स पर हमला किया, जिस पर पाकिस्तान ने ईरान की आलोचना की। संयुक्त राष्ट्र में ईरान के दूत ने कहा कि ट्रंप युद्ध अपराध की दिशा में बढ़ रहे हैं।
पश्चिम एशिया में छिड़े सैन्य संघर्ष के 39वें दिन तनाव तब चरम पर पहुंच गया जब समझौते के लिए दी गई समयसीमा से पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा कि यदि ईरान अब भी नहीं माना तो आज की रात समूची सभ्यता का अंत हो जाएगा और इसे दोबारा वापस नहीं लाया जा सकेगा।
हालांकि, अब वहां सत्ता पूरी तरह बदल चुकी है, जहां अलग, ज्यादा समझदार और कम कट्टर सोच वाले लोग मौजूद हैं। कौन जानता है कि शायद कुछ बहुत शानदार और क्रांतिकारी हो सकता हो?
उन्होंने लिखा कि मैं नहीं चाहता कि ऐसा हो, लेकिन संभवत: ऐसा हो सकता है। ट्रंप ने आगे लिखा कि आज रात हम दुनिया के लंबे और जटिल इतिहास के सबसे अहम पल के गवाह बनेंगे। उन्होंने लिखा कि 47 सालों की ज्यादती, भ्रष्टाचार और मौत का सिलसिला आखिरकार खत्म हो जाएगा। ईश्वर ईरान के लोगों की रक्षा करे।
ईरान के खार्ग द्वीप, रेलवे पुल और बिजली संयंत्रों पर हमले
रायटर्स के अनुसार, ईरान को आगे के हमलों की भयावहता से परिचित कराने के लिए मंगलवार को उसके महत्वपूर्ण ठिकानों पर जबरदस्त बमबारी की गई। वॉल स्ट्रीट जर्नल ने मेहर न्यूज एजेंसी के हवाले से बताया कि ईरान के महत्वपूर्ण खार्ग द्वीप पर स्थित सैन्य ठिकानों पर लगभग 50 हमले हुए।
इसके अलावा एक रेलवे पुल, हाइवे पुल, एक पेट्रोकेमिकल प्लांट और हवाई अड्डे पर हमले किए गए। तेहरान के पश्चिमी शहर कराज में एक बिजली सबस्टेशन और ट्रांसमिशन लाइन पर हमले करके बिजली व्यवस्था ध्वस्त कर दी गई।
अलबोर्ज प्रांत में हवाई हमले में 18 लोग मारे गए। राजधानी तेहरान में एक के बाद एक कई धमाके हुए, जिसमें संभवत: पहाड़ों में बनाए गए हथियार भंडारों के साथ-साथ रिहायशी इलाकों को भी निशाना बनाया गया। तेहरान में एक यहूदी प्रार्थनास्थल 'सिनेगाग' की इमारत हमले में ध्वस्त हो गई। इजरायली सेना ने दावा किया कि उसने ईरान के आठ रेलवे और हाइवे पुलों को उड़ा दिया है।
इससे पहले इजरायली सेना ने संभावित हमले का संकेत देते हुए एक्स पर फारसी में संदेश लिखा था कि ईरानी नागरिक मंगलवार को रात नौ बजे के बाद ट्रेन यात्रा से परहेज करें। आपकी मौजूदगी आपके जीवन को संकट में डाल सकती है।
ईरान की चेतावनी
एपी के अनुसार, ईरान ने अमेरिका के साथ बातचीत के सभी रास्ते बंद कर दिए हैं। तेहरान टाइम्स के मुताबिक, अब न तो सीधे और न ही बैकचैनल तरीके से कोई संपर्क हो रहा है। रिपोर्ट में कहा गया है कि दोनों देशों के बीच किसी भी तरह के संदेशों का आदान-प्रदान भी रोक दिया गया है।
रिवोल्यूशनरी गार्ड ने एक बयान में कहा कि अमेरिका के क्षेत्रीय सहयोगियों को समझ लेना चाहिए कि आज तक हमने अच्छे पड़ोसी संबंधों को ध्यान में रखते हुए अत्यधिक संयम बरता है और जवाबी कार्रवाई के लिए लक्ष्यों के चयन में भी सावधानी दिखाई है। लेकिन अब ये सभी विचार समाप्त कर दिए गए हैं। ईरान पर हमला हुआ तो खाड़ी देशों के जल शोधन और बिजली संयंत्रों पर हमले होंगे और शहर रहने लायक नहीं बचेंगे।
ईरान का हमला
एएनआई के अनुसार, ईरान ने सऊदी अरब के जुबैल पेट्रोकेमिकल प्लांट पर हमला किया और कहा कि ये हमला उसके साउथ पार्स गैस फील्ड से जुड़े असालुयेह पेट्रोकेमिकल प्लांट पर हुए हमलों के जवाब में किया गया है। यहां से धुआं उठता देखा गया। सऊदी अरब के इस संयंत्र में पश्चिमी देशों की कंपनियों की भी हिस्सेदारी मानी जाती है।
रिवोल्यूशनरी गार्ड ने कहा कि खाड़ी में ऐसे ही अन्य ढांचों को निशाना बनाया जाएगा। जुयामाह में भी शेवरान फिलिप्स के अधिकार वाले एक पेट्रोकेमिकल संयंत्र पर हमले किए गए। हमलों की पाकिस्तान ने निंदा करते हुए कहा कि इससे हमलों में खतरनाक बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे क्षेत्रीय शांति और स्थिरता लाने के प्रयासों को झटका पहुंचेगा।
इजरायल में भी मिसाइल और ड्रोन से हमले हुए। पूरे दिन रुक-रुककर सायरन बजते रहे। ईरान के साथ-साथ हिजबुल्ला और हाउती ने भी उत्तरी और दक्षिणी इजरायल पर हमले किए। यूएई में ईरानी बैलिस्टिक मिसाइल ने शारजाह में थुराया टेलीकम्युनिकेशन कंपनी के कार्यालय को नुकसान पहुंचाया। हमले में दो लोग घायल हो गए।
कतर ने चेतावनी दी है कि पश्चिम एशिया का सैन्य संघर्ष ऐसे स्तर पर पहुंचने जा रहा है, जहां से इसे नियंत्रित कर पाना असंभव होगा। कतर के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता माजिद अल अंसारी ने कहा कि इससे पहले की बहुत देर हो जाए, सभी पक्षों को इस युद्ध को खत्म करने पर काम करना चाहिए।
ईरान में ऊर्जा ढांचों को बचाने सड़कों पर उतरे लोग
एएनआई ने तसनीम न्यूज एजेंसी के हवाले से बताया कि ईरान में लोगों ने देश के अलग-अलग इलाकों में स्थित ऊर्जा ढांचों के बाहर मानव श्रृंखला बनाकर एकजुटता का संदेश दिया। ईरान के उप खेल मंत्री अलिरेजा रहीमी ने देश के खिलाड़ियों और कलाकारों से अपील की थी कि वे ऊर्जा संयंत्रों के आसपास एकजुटता प्रदर्शित करने के लिए मानव श्रृंखला बनाएं और संभावित हवाई हमलों को चुनौती दें। मानव श्रृंखला में महिलाएं, पुरुष और बच्चे भी शामिल हुए।
ईरान में भारतीय नागरिक 48 घंटे तक सुरक्षित स्थानों पर रहें: भारतीय दूतावास
ईरान में भारतीय दूतावास ने वहां मौजूद भारतीय नागरिकों को अगले 48 घंटे तक अति सावधानी बरतने की सलाह दी है। दूतावास ने कहा है कि भारतीय नागरिक बिजली प्रतिष्ठानों, सैन्य ठिकानों और बहुमंजिला इमारतों की ऊपरी मंजिलों से दूर रहें तथा घरों के भीतर ही रहें। साथ ही हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं।
दूतावास ने राजमार्ग पर किसी भी प्रकार की आवाजाही केवल दूतावास के समन्वय से करने को कहा है। दूतावास द्वारा निर्धारित होटलों में ठहरे भारतीयों को भी वहीं रहने और मौके पर मौजूद दूतावास टीमों से नियमित संपर्क बनाए रखने का निर्देश दिया गया है। भारतीय मिशन ने सभी नागरिकों से आधिकारिक सूचनाओं पर लगातार नजर रखने को कहा है। आपात स्थिति के लिए दूतावास के हेल्पलाइन नंबर और ईमेल सेवा पहले की तरह सक्रिय रखी गई है।
