विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ईरान पर जमीनी हमले की तैयारी में ट्रंप, रूस भी मैदान में; तेज धमाकों से दहला तेहरान

Published: Sun, 08 Mar 2026 05:33 AM (IST)Updated: Sun, 08 Mar 2026 08:01 AM (IST)

ईरान पर सबसे बड़ा हमला करने की तैयारी में जुटे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने जमीनी सैन्य अभियान शुरू करने ...और पढ़ें

आठवें दिन धमाकों से दहली ईरान की राजधानी, ट्रंप बोले- तेज होंगे हमले  (फोटो- रॉयटर)

आठवें दिन धमाकों से दहली ईरान की राजधानी, ट्रंप बोले- तेज होंगे हमले  (फोटो- रॉयटर)

HighLights

  1. अमेरिका को बड़ा झटका, ईरान ने जॉर्डन में अमेरिकी 'आयरन डोम' थाड नष्ट किया


  2. अमेरिका का दावा, रूस की खुफिया जानकारी के आधार पर ईरान कर रहा हमले 


  3. अमेरिकी रक्षा मंत्री ने कहा, हमें सब पता कौन किससे कर रहा बात


  4. आठवें दिन धमाकों से दहली ईरान की राजधानी, ट्रंप बोले- तेज होंगे हमले 


जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। पश्चिम एशिया में छिड़ा युद्ध शनिवार को आठवें दिन दोनों तरफ से बड़े हमले भी हुए। ईरान पर सबसे बड़ा हमला करने की तैयारी में जुटे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने जमीनी सैन्य अभियान शुरू करने के संकेत दिए हैं।

ट्रंप ने जमीनी हमले की संभावना को लेकर अपने सलाहकारों के अलावा रिपब्लिकन नेताओं के साथ चर्चा की है। संघर्ष में रूस की भी परोक्ष एंट्री के संकेत मिले हैं। ईरान ने जार्डन में अमेरिका को बड़ा नुकसान पहुंचाते हुए 30 करोड़ डॉलर की हवाई रक्षा प्रणाली थाड को ध्वस्त कर दिया, तो इजरायल ने ईरान के 16 लड़ाकू विमानों को नष्ट करने का दावा किया।

अमेरिकी नौसेना अब तक ईरान के 42 जहाजों को डुबो चुकी है

ड्रोन हमले में दुबई एयरपोर्ट का रनवे क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि रिहायशी मरीना टावर पर ड्रोन का मलबा गिरने से इमारत के बाहरी हिस्से में आग लग गई। ट्रंप ने यह भी दावा किया कि अमेरिकी नौसेना अब तक ईरान के 42 जहाजों को डुबो चुकी है। कुवैत ने तेल उत्पादन में कटौती करते हुए निर्यात पर रोक लगा दी है। अमेरिका और इजरायल ने अपने हजारों नागरिकों को सुरक्षित स्वदेश पहुंचा दिया है।

52,000 भारतीयों को स्वदेश लाया जा चुका है

वहीं, भारतीय विदेश मंत्रालय ने बताया कि अब तक 52,000 भारतीयों को स्वदेश लाया जा चुका है। समाचार एजेंसी शिन्हुआ ने एनबीसी न्यूज की रिपोर्ट के हवाले से कहा कि ट्रंप बड़े पैमाने के आक्रमण के बजाय विशेष रणनीतिक मिशनों के लिए अमेरिकी सैनिक भेजने के विकल्प पर विचार कर रहे हैं।

हालांकि व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलीन लेविट ने इन खबरों को कयास बताते हुए कहा कि राष्ट्रपति ने सभी विकल्प खुले रखे हैं और अभी किसी निर्णय पर नहीं पहुंचे हैं।

न्यूयॉर्क टाइम्स के अनुसार, अमेरिका ने आरोप लगाया है कि रूस ईरान को अमेरिकी और इजरायली सैन्य ठिकानों से जुड़ी खुफिया जानकारी उपलब्ध करा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि रूस उपग्रह तस्वीरों के साथ अमेरिकी युद्धपोतों और सैन्य ठिकानों की जानकारी ईरान के साथ साझा कर रहा है।

तेहरान जोरदार धमाकों से दहल उठा

अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने कहा कि वाशिंगटन को पता है कि इस युद्ध में कौन किससे संपर्क कर रहा है। हालांकि, कुछ अधिकारियों ने यह भी कहा कि ईरान के पास फिलहाल इतनी क्षमता नहीं है कि वह इन सूचनाओं का पूरा फायदा उठा सके।

इस बीच, शनिवार को तेहरान जोरदार धमाकों से दहल उठा। रायटर के अनुसार, इजरायल ने ईरान के महत्वपूर्ण बंदर अब्बास नौसैनिक अड्डे पर भीषण हमले किए। तेहरान के मेहराबाद हवाई अड्डे पर हमले के बाद आग लग गई।

इजरायल का दावा है कि इस हमले में रिवोल्यूशनरी गार्ड के कुद्स बल द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले 16 लड़ाकू विमान नष्ट कर दिए गए। थाड के नुकसान से अमेरिका को गहरा झटका ईरान ने मिसाइल हमले में जार्डन के मुवाफ्फक सल्ती एयर बेस में तैनात अमेरिकी थाड एयर डिफेंस सिस्टम को नष्ट कर दिया।

बता दें कि थाड प्रणाली बैलिस्टिक मिसाइलों का पता लगाकर उन्हें रोकने वाले इंटरसेप्टर मिसाइलों को मार्गदर्शन देता है, जो हवा में ही दुश्मन मिसाइलों को नष्ट कर देती हैं। टर्मिनल हाई एल्टीट्यूड एरिया डिफेंस (थाड) प्लेटफार्म अमेरिका की सबसे उन्नत मिसाइल रक्षा प्रणालियों में से एक है।

यह 150-200 किमी दूर से ही बैलिस्टिक मिसाइलों का पता लगा सकता है। इसे अमेरिका का 'आयरन डोम' माना जाता है।

इराक के कुर्दिस्तान में रिवोल्यूशनरी गार्ड का हमला

ईरान के संयुक्त राष्ट्र में राजदूत अमीर सईद इरावनी के अनुसार अमेरिकी-इजरायल के हमलों में अब तक 1332 ईरानी नागरिक मारे जा चुके हैं। ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने एक्स पर लिखा कि अमेरिका ने क्वेश्म द्वीप पर खारे पानी को पीने योग्य बनानेवाले डीसैलाइनेशन प्लांट पर हमला किया, जिससे 30 गांवों में पीने के पानी का संकट खड़ा हो गया है। इसके जवाब में रिवोल्यूशनरी गार्ड ने बहरीन के जुफैर बेस पर हमले किए।

राजधानी मनामा में भी धमाके हुए
राजधानी मनामा में भी धमाके हुए। शनिवार तड़के इराक के कुर्दिस्तान क्षेत्र में अलगाववादी समूहों के तीन ठिकानों पर हमले हुए। लेबनान में जारी इजरायली हमलों में शनिवार को 41 और लोगों की मौत हो गई। वहां अब तक 294 लोग मारे जा चुके हैं।

इजरायल के रक्षा मंत्री काट्ज ने लेबनान के राष्ट्रपति जोसेफ औन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार हिजबुल्ला को निशस्त्र करने के समझौते से पीछे हटती है तो इसका खामियाजा पूरे लेबनान को भुगतना पड़ेगा।

सऊदी अरब ने विशालकाय शायबाह तेल क्षेत्र पर ईरानी ड्रोन हमले को विफल करने का दावा किया है। यूएई ने कहा कि ईरान के 125 ड्रोन और छह बैलिस्टिक मिसाइलों को हवा में ही मार गिराया गया है।

यूएई के राष्ट्रपति मोहम्मद बिन जायेद अल नाहयान ने पहली बार देश के नाम संबोधन में कहा कि हम युद्ध के दौर में हैं, लेकिन इसके बाद मजबूत होकर उभरेंगे। नागरिकों की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है।

अबू धाबी और कुवैत में भी विफल हमले हुए

अबू धाबी और कुवैत में भी विफल हमले हुए। इजरायल को 15 करोड़ डालर के हथियार पैकेज को मंजूरी न्यूयार्क टाइम्स के अनुसार, अमेरिका ने इजरायल को 15 करोड़ डॉलर के नए हथियार पैकेज की मंजूरी दी है। इस फैसले से इजरायल को 20 हजार बम मिलेंगे।

30 हजार तुर्किए सैनिक भी साइप्रस की उत्तरी सीमा पर

ब्रिटेन ने तनाव बढ़ता देख अपने विमानवाहक पोत एचएमएस प्रिंस ऑफ वेल्स को तैयार रहने का आदेश दिया है। वहीं, तुर्किए भी एफ-16 लड़ाकू विमानों को साइप्रस भेजने पर विचार कर रहा है। 30 हजार तुर्किए सैनिक भी साइप्रस की उत्तरी सीमा पर मौजूद हैं।