सऊदी किंग सलमान के बड़े भाई प्रिंस बांदर का निधन, जानें उनसे जुड़ी खास बातें
प्रिंस बांदर की मृत्यु ऐसे समय पर हुई है जब किंग सलमान के बेटे और क्राउन प्रिंस मुहम्मद बिन सलमान सत्ता पर अपनी पकड़ मजबूत कर रहे हैं।
रियाद, एएफपी। सऊदी अरब के किंग सलमान बिन अब्दुलअजीज अल-सऊद के बड़े भाई प्रिंस बांदर बिन अब्दुलअजीज अल-सऊद का रविवार को यहां निधन हो गया। वह 96 साल के थे। बताया जा रहा है कि वह लंबे समय से बीमार थे।
प्रिंस बांदर सऊदी अरब के संस्थापक और देश के पहले बादशाह किंग अब्दुलअजीज के बेटे थे। शाही अल-सऊद परिवार का हिस्सा होने के बावजूद वह राजनीति में सक्रिय नहीं थे। लेकिन उनके बेटे सऊदी सरकार में अहम पद पर हैं।
उनके बेटों में प्रिंस फैजल रियाद के गर्वनर जबकि प्रिंस अब्दुल्ला सऊदी नेशनल गार्ड के प्रमुख हैं। प्रिंस बांदर की मृत्यु ऐसे समय पर हुई है जब किंग सलमान के बेटे और क्राउन प्रिंस मुहम्मद बिन सलमान सत्ता पर अपनी पकड़ मजबूत कर रहे हैं। सऊदी शाही परिवार के हजारों सदस्य हैं लेकिन सत्ता केवल कुछ के ही हाथ में है।
गौरतलब है कि प्रिंस बांदर सऊदी अरब के पहले शाह अब्दुलअजीज के 10वें बेटे थे। वह सऊदी अरब पर शासन कर रहे राजपरिवार के सबसे बुजुर्ग सदस्य भी थे। प्रिंस बंदर का जन्म रियाद में 1923 में हुआ था, हालांकि उनके जन्म की तारीख के बारे में कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने अपने पूरे जीवनकाल में सरकार में सिर्फ एक पद लिया था। वह पद था गृह मंत्रालय के डायरेक्टर जनरल का इसके अलावा उन्होंने कोई पद नहीं लिया था।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप