कोरोना वायरस संक्रमण के चलते इस साल हज यात्रा रद करने पर विचार कर रहा सऊदी अरब
इंडोनेशिया जहां दुनिया की सबसे बड़ी मुस्लिम आबादी रहती है ने इस साल अपने नागरिकों के हज में भाग लेने से मना कर दिया है।
रियाद, आइएएनएस। कोरोना वायरस संक्रमण के चलते सऊदी अरब इस साल हज यात्रा स्थगित करने पर विचार कर रहा है। देश में कोरोना संक्रमित लोगों की संख्या एक लाख से ऊपर पहुंच चुकी है। सऊदी अरब के हज और उमरा मंत्रालय के एक अधिकारी के हवाले से ब्रिटेन के दैनिक फाइनेंशियल टाइम्स ने कहा कि मामले का सावधानीपूर्वक अध्ययन किया जा रहा है और कई परिस्थितियों पर विचार किया जा रहा है। इसके अलावा सऊदी अरब हज यात्रा के लिए आने वाले लोगों की संख्या में भी भारी कटौती पर विचार कर सकता है। यदि इस साल की हज यात्रा रद होती है, तो 1932 में राजवंश की स्थापना के बाद पहली बार ऐसा होगा।
हज यात्रा दुनिया के सबसे बड़े धार्मिक आयोजनों में एक है
जुलाई के आखिर में होने वाली यह तीर्थयात्रा दुनिया के सबसे बड़े धार्मिक आयोजनों में एक है। इस दौरान 20 लाख से अधिक मुस्लिम सऊदी अरब की यात्रा कर धार्मिक आयोजन में भाग लेते हैं।
दुनिया की सबसे बड़ी मुस्लिम आबादी वाला इंडोनेशिया ने हज में भाग लेने से मना कर दिया
गल्फ न्यूज ने रिपोर्ट दी है कि इंडोनेशिया, जहां दुनिया की सबसे बड़ी मुस्लिम आबादी रहती है, ने इस साल अपने नागरिकों के हज में भाग लेने से मना कर दिया है। इंडोनेशिया से लगभग 2,20,000 लोग सालाना कार्यक्रम में भाग लेते हैं।
मलेशिया, सिंगापुर, कंबोडिया, थाईलैंड और ब्रुनेई ने हज यात्रा रद की
शुक्रवार को मलेशिया ने भी कह दिया कि वह इस साल अपने लोगों को हज यात्रा पर नहीं भेजेगा। जिन अन्य देशों ने इस साल के लिए हज यात्रा रद की है, उनमें सिंगापुर, कंबोडिया, थाईलैंड और ब्रुनेई शामिल हैं।