विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सऊदी अरब का AH-6I लड़ाकू हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त, दोनों पायलटों की मौत

Published: Mon, 19 Oct 2026 02:00 AM (IST)

सऊदी अरब का एक AH-6I लड़ाकू हेलीकॉप्टर हूती लड़ाकों से चल रही लड़ाई के बीच सीमावर्ती नाजरान क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें दोनों पायलटों की मौत हो गई।

सऊदी का लड़ाकू हेलीकॉप्टर क्रैश।

सऊदी का लड़ाकू हेलीकॉप्टर क्रैश।

HighLights

  1. सऊदी AH-6I हेलीकॉप्टर नाजरान में दुर्घटनाग्रस्त, दो पायलट शहीद।

  2. हूती ने मिसाइल से गिराने का दावा किया, सऊदी ने तकनीकी खराबी बताई।

  3. भारतीय दूतावास ने सऊदी में नागरिकों के लिए सुरक्षा एडवाइजरी जारी की।

डिजिटल डेस्क, रियाद। हूती लड़ाकों के साथ चल रही लड़ाई के बीच रविवार को सऊदी अरब का एएच-6 आई लड़ाकू हेलीकॉप्टर सीमावर्ती नाजरान क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। दुर्घटना में हेलीकाप्टर के दोनों चालक मारे गए हैं। इस बीच सऊदी अरब के लड़ाकू विमानों की बमबारी में हूती के कब्जे वाले यमन के हिस्से में नौ लोग मारे गए हैं। मारे गए लोगों में पांच बच्चे और दो महिलाएं हैं।

हूती ने इस हेलीकाप्टर को मिसाइल से मार गिराने का वीडियो जारी किया है। कहा है कि लड़ाई में शामिल हेलीकाप्टर को नाजरान के नजदीक गिराया गया लेकिन सऊदी अरब की सेना के प्रवक्ता मेजर जनरल तुर्की अल-मलीकी ने हेलीकाप्टर के तकनीक सिस्टम में आई गड़बड़ी को दुर्घटना का कारण बताया है।

मिस्र ने दिया मदद का प्रस्ताव

शनिवार को हूती के सैन्य प्रवक्ता याह्या सारी ने एक्स पर पोस्ट संदेश में कहा था कि सऊदी अरब की सेना का एक अपाचे हेलीकाप्टर नाजरान के नजदीक गिराया गया है। इसलिए यह स्पष्ट नहीं हो रहा है कि वीडियो और घटना एक ही हेलीकाप्टर से संबंधित है या अलग-अलग दिनों हुई दो हेलीकाप्टर गिरने की घटनाओं की है।

हूती के हमलों से सऊदी अरब को हो रहे भारी नुकसान को देखते हुए मिस्र ने लड़ाई में मदद का प्रस्ताव किया है। मिस्र की संसद ने आपात बैठक कर राष्ट्रपति आब्देल फतह अल-सीसी को इस बाबत निर्णय लेने के लिए अधिकृत कर दिया है।

अरब देशों में सबसे बड़ी सेना वाले देश मिस्र ने कहा है कि यदि सऊदी अरब मदद की मांग करता है तो उसे अविलंब सैन्य मदद दी जाएगी। उल्लेखनीय है कि हूती ने हाल के दिनों में सऊदी राजधानी रियाद के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और सबसे बड़ी तेल कंपनी अरामको पर बड़े हमले किए हैं।

भारतीय दूतावास ने कहा, छत और बालकनी में न खड़े हों

लड़ाई के बीच रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने सऊदी अरब में रहने वाले भारतीय नागरिकों के लिए रविवार को नई एडवाइजरी जारी की है। इसमें नागरिकों से कहा गया है कि हवाई हमले के दौरान या उसके बारे में चेतावनी संदेश मिलने पर वे नजदीक के सुरक्षित स्थान पर पहुंच जाएं। ऐसे में खिड़की या दरवाजे के नजदीक न खड़े हों बल्कि दीवारों से घिरी जगह पर और छत के नीचे रहें। छत और बालकनी में भी न खड़े हों।

एडवाइजरी में ऊंचे भवन या पुल आदि के नीचे खड़े होने की भी हिदायत दी गई है। सार्वजनिक स्थानों की फोटोग्राफी और वीडियो बनाने से भी मना किया गया है। साथ ही स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने और भारतीय दूतावास के संपर्क में रहने की सलाह दी गई है।

(न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के इनपुट के साथ।)

यह भी पढ़ें: 'खिड़कियों और छतों से दूर रहें...' सऊदी अरब में हूती विद्रोहियों द्वारा जारी हमले के बीच भारतीय दूतावास की अपील