यमन विद्रोहियों ने रियाद पर दागी मिसाइल, बाल-बाल बचे कई देशों के दूतावास
यमन विद्रोहियों ने सऊदी अरब की राजधानी रियाद पर दो बैलिस्टिक मिसाइल दागे, जिसे सऊदी फोर्सस ने ध्वस्त कर दिया।
रियाद (एजेंसी)। यमन के हूति विद्रोहियों ने रविवार को एक बार फिर सऊदी अरब की राजधानी रियाद पर हमला बाेला है। विद्रोहियों ने दो बैलिस्टिक मिसाइल दागे, जिसे सऊदी फोर्सस ने ध्वस्त कर दिया। पिछले साल दिसंबर से लेकर अब तक यह छठी बार हूति विद्रोहियों ने सऊदी को मिसाइल से निशाना बनाया है।
इस बीच हुति के अल-मसीरा टीवी ने हमलों की पुष्टि करते हुए कहा कि उनका निशाना सऊदी डिफेंस मिनिस्ट्री और राजधानी रियाद के अन्य ठिकाने थे। बता देें कि हूती विद्रोही वर्ष 2015 से यमन सरकार का समर्थन करने वाली सऊदी अरब की अगुवाई वाली गठबंधन सेना से संघर्ष कर रहे हैं।
छह बड़े धमाकों के बाद पूरे रियाद में धुआं ही धुआं
स्थानीय मिसाइलों को नष्ट करने के बाद आकाश में छह बड़े धमाके हुए और पूरे रियाद में धुआं छा गया। दुश्मन की मिसाइलों को सऊदी फोर्सस ने जहां ध्वस्त किया, उसके नीचे कई देशों के दूतावास थे। फिलहाल इस घटना में किसी के हताहत की कोई खबर नहीं है। स्थानीय न्यूज एजेंसी एसपीए के अनुसार ये हमला स्थानीय समयानुसार रात को 8:39 बजे के करीब हुआ। फिलहाल सऊदी अरब की तरफ से कोई अधिकारिक बयान नहीं आया है। विद्रोहियों के लगातार हमलों को देखते हुए सऊदी अरब ने अपनी सीमा पर सुरक्षा बढ़ा दी है। सीमा पर बड़ी संख्या में सुरक्षाबलों को तैनात किया गया है।
2015 से यमन में शिया हूती विद्रोहियों और मंसूर हादी की सरकार के बीच जंग
गौरतलब है कि 2015 से यमन में शिया हूती विद्रोहियों और राष्ट्रपति अबेद्राबो मंसूर हादी की सरकार के बीच जंग चल रही है। हूती विद्रोही हादी सरकार को बर्खास्त कर देश पर कब्जा करना चाहते हैं। उनके खिलाफ सऊदी सरकार यमन की सेना का साथ दे रही है। इसके बाद से सऊदी पर हूती हमले कर रहे हैं। सऊदी का आरोप है कि उनके देश में अशांति फैलाने के लिए ईरान हुति विद्रोहियों को हथियार उपलब्ध करवा रहा है। जबकि, ईरान इस दावे को खारिज करता रहा है।