लंदन की हवेलियों से लेकर स्विस बैंक खातों तक: कहां-कहां जुड़े हैं ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई की प्रॉपर्टीज के तार
ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई ने पदभार संभाला है। उनके पास कथित तौर पर अरबों डॉलर की संपत्ति ...और पढ़ें

ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई की प्रॉपर्टीज के तार(फाइल फोटो)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। ईरान के नए सुप्रीम लीडर के तौर पर मोजतबा खामेनेई ने पद संभाल लिया है। देश की एक्सपर्ट्स असेंबली ने इसकी औपचारिक घोषणा कर दी है। यह वही संस्था है जो ईरान में सर्वोच्च नेता के चयन की जिम्मेदारी निभाती है।
यह फैसला उस समय लिया गया, जब मोजतबा खामेनेई के पिता और लंबे समय से ईरान के सुप्रीम लीडर रहे अली खामेनेई की मौत हो गई। अली खामेनेई अमेरिकी और इजरायली सेनाओं के एक संयुक्त ऑपरेशन में मारे गए थे।
अरबों डॉलर की संपत्ति के दावे
मोजतबा खामेनेई केवल नए सुप्रीम लीडर ही नहीं हैं, बल्कि उनकी कथित संपत्ति को लेकर भी लंबे समय से चर्चाएं होती रही हैं। कई रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि उनके पास अरबों डॉलर की संपत्ति है, हालांकि उनकी वास्तविक नेट वर्थ को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी उपलब्ध नहीं है।
बताया जाता है कि मोजतबा के पास तेहरान से लेकर दुबई और फ्रैंकफर्ट तक कई लग्जरी प्रॉपर्टीज हैं, जो कथित तौर पर शेल कंपनियों के जरिए रखी गई हैं।
निवेश साम्राज्य और पुरानी डील्स
56 वर्षीय मौलवी मोजतबा खामेनेई के बारे में यह भी माना जाता है कि उनके पास एक बड़ा निवेश साम्राज्य है। रिपोर्ट्स के अनुसार, वे अपने नाम पर सीधे एसेट्स रखने से बचते हैं, लेकिन कई बड़ी फाइनेंशियल डील्स में उनकी सीधी भूमिका रही है। इनमें से कुछ सौदे कम से कम 2011 तक के बताए जाते हैं।
स्विस बैंक अकाउंट और ब्रिटेन की लग्जरी प्रॉपर्टी
ब्लूमबर्ग की एक रिपोर्ट के मुताबिक, मोजतबा खामेनेई के कथित फाइनेंशियल इंटरेस्ट में स्विस बैंक अकाउंट और ब्रिटेन में 138 मिलियन डॉलर से अधिक कीमत की एक लग्जरी प्रॉपर्टी शामिल है।
रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि कंपनियों और फाइनेंशियल इंटरमीडियरीज के एक नेटवर्क के जरिए यूरोप, गल्फ देशों और नॉर्थ अमेरिका में हाई‑एंड प्रॉपर्टीज में निवेश किया गया है।
इन प्रॉपर्टीज में लंदन के लग्जरी घर, जर्मनी और स्पेन के होटल शामिल बताए जाते हैं। खास तौर पर लंदन की बिशप्स एवेन्यू का जिक्र किया गया है, जिसे अक्सर बिलियनेयर्स रो कहा जाता है। यहां स्थित कई घर करोड़ों यूरो में खरीदे गए बताए जाते हैं।
ईरानी बिजनेसमैन अली अंसारी के नाम पर दर्ज प्रॉपर्टीज
हालांकि ब्लूमबर्ग को मिले दस्तावेजों में सीधे तौर पर मोजतबा खामेनेई के नाम पर कोई एसेट दर्ज नहीं है। इसके बजाय, कई प्रॉपर्टीज एक ईरानी बिजनेसमैन अली अंसारी के नाम पर दिखाई देती हैं।
अक्टूबर में यूनाइटेड किंगडम ने अली अंसारी पर प्रतिबंध लगाया था। 57 वर्षीय अंसारी को ब्रिटिश अधिकारियों ने भ्रष्ट ईरानी बैंकर और कारोबारी बताया था। उन पर ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) की गतिविधियों को फाइनेंशियल सपोर्ट देने का आरोप है।
IRGC ईरान की वह सैन्य शाखा है, जो सीधे सुप्रीम लीडर को रिपोर्ट करती है। हालांकि अंसारी पर EU या अमेरिका में कोई प्रतिबंध नहीं है। मोजतबा खामेनेई को ईरान के राजनीतिक सिस्टम में पर्दे के पीछे एक बेहद ताकतवर शख्स माना जाता है। उनके IRGC से करीबी रिश्ते बताए जाते हैं। बावजूद इसके, उन्होंने अब तक खुद को पब्लिक लाइमलाइट से काफी हद तक दूर रखा है।
