पहली बार सार्वजनिक तौर पर दिखेंगे मोजतबा, खामेनेई की शोकसभा में शामिल होने की चर्चा
ईरान के मौजूदा सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई शनिवार को कोम में अपने पिता अयातुल्ला अली खामेनेई की शोकसभा का नेतृत्व ...और पढ़ें

खामेनेई की स्मृति में शनिवार को कोम शहर में शोकसभा आयोजित की जाएगी (फोटो: रॉयटर्स)
HighLights
मोजतबा खामेनेई कोम में शोकसभा का करेंगे नेतृत्व।
युद्ध के बाद पहली सार्वजनिक उपस्थिति की अटकलें तेज।
पूर्व सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की स्मृति में कार्यक्रम।
डिजिटल डेस्क, तेहरान। ईरान के पूर्व सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की स्मृति में शनिवार को कोम शहर में शोकसभा आयोजित की जाएगी। ईरानी समाचार एजेंसी तस्नीम के अनुसार, इस कार्यक्रम की अगुआई उनके बेटे और मौजूदा सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई करेंगे।
इस घोषणा के बाद यह चर्चा तेज हो गई है कि क्या मोजतबा पहली बार सार्वजनिक रूप से लोगों के सामने दिखाई देंगे।युद्ध शुरू होने के बाद से मोजतबा खामेनेई सार्वजनिक जीवन से पूरी तरह दूर रहे हैं। अब तक उनकी कोई आधिकारिक तस्वीर, वीडियो या आडियो जारी नहीं किया गया है।
उनके पिता के अंतिम संस्कार में भी उनकी गैरमौजूदगी ने उनकी सेहत और सुरक्षा को लेकर कई तरह की अटकलों को जन्म दिया था।कुछ वरिष्ठ सूत्रों का दावा है कि जिस हमले में उनके पिता की मौत हुई, उसमें मोजतबा भी घायल हुए थे और अभी पूरी तरह स्वस्थ नहीं हैं।
वहीं, सुरक्षा कारणों और संभावित अमेरिकी सैन्य कार्रवाई की आशंका के चलते भी उन्हें सार्वजनिक कार्यक्रमों से दूर रखा गया है। हालांकि, इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।तस्नीम के मुताबिक, शोकसभा शनिवार को मगरिब और ईशा की नमाज के बाद कोम स्थित हजरत मासूमेह दरगाह परिसर में आयोजित होगी।
इससे पहले शुक्रवार तड़के अयातुल्ला अली खामेनेई को मशहद स्थित इमाम रेजा दरगाह में सुपुर्द-ए-खाक किया गया, जिसके साथ एक सप्ताह तक चले राष्ट्रीय शोक कार्यक्रमों का समापन हुआ।
यह भी पढ़ें- जहाजों पर हमले की खुफिया रिपोर्ट से भड़के ट्रंप ने दिया था ईरान पर हमले का आदेश
