ईरान-लेबनान की दोस्ती में दरार? इजरायल डाल रहा फूट, बेरूत ने ईरानी राजदूत को देश छोड़ने का दिया आदेश
लेबनान ने ईरान के राजदूत को देश से बाहर निकाल दिया है, जिससे दोनों देशों के बीच संबंधों में तनाव बढ़ता नजर आ रहा है।
HighLights
लेबनान ने ईरानी राजदूत को देश से निकाला।
राजदूत को 'पर्सोना नॉन ग्रेटा' घोषित किया गया।
ईरान पर राजनयिक मानदंडों के उल्लंघन का आरोप।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। लेबनान हमेशा ही ईरान के समर्थन में रहा है, लेकिन मिडिल ईस्ट में चल रही जंग का असर दोनों देशों की दोस्ती पर भी पड़ता नजर आ रहा है। लेबनान ने ईरान के राजदूत को अपने देश से बाहर का रास्ता दिखा दिया है।
एक तरफ जहां ईरान, लेबनान पर होने वाले हमलों के खिलाफ आवाज उठा रहा है, वहीं लेबनान ने ईरान के एम्बेसडर की मान्यता वापस ले ली है और उन्हें देश छोड़ने का आदेश दिया है।
पांच दिन में लेबनान छोड़ दें ईरानी राजदूत
लेबनान ने ईरानी राजदूत की मान्यता रद कर उन्हें 'पर्सोना नॉन ग्रेटा' यानी अवांछित व्यक्ति घोषित कर दिया है। विदेश मंत्रालय ने मंगलवार को बताया कि लेबनान ने राजदूत से रविवार तक देश छोड़ने की मांग की है।
लेबनान के विदेश मंत्रालय ने ईरान में तैनात लेबनानी राजदूत को भी परामर्श के लिए वापस बुलाया है। मंत्रालय ने इसका कारण बताते हुए कहा कि तेहरान ने राजनयिक मानदंडों और दोनों देशों के बीच स्थापित प्रथाओं का उल्लंघन किया है।
ईरान ने किया था लेबनान का समर्थन
ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने इजरायल पर आरोप लगाया है कि वह मौजूदा हालात का फायदा उठाकर लेबनान और फलस्तीन में आम नागरिकों के खिलाफ बड़े पैमाने पर हमले कर रहा है।
IRGC ने इजरायली सेना को लेबनान पर हो रहे हमलों पर चेतावनी दी है। आईआरजीसी ने कहा है कि अगर लेबनान और गाजा में आम नागरिकों को निशाना बनाया गया, तो वह इजरायल पर बेरोकटोक हमले करेंगे।
यह भी पढ़ें- तेहरान पर बम बरसा रहा इजरायल, लेबनान में भी हमले तेज; ईरान बोला- अमेरिका को भी भुगतना होगा परिणाम
