विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'ईरान पर हमले को लेकर मतभेद की खबरें निराधार', इजरायली रक्षा मंत्री बोले- नेतन्याहू-IDF में कोई मतभेद नहीं

Published: Mon, 26 Oct 2026 11:59 PM (IST)

इजरायली रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज ने प्रधानमंत्री नेतन्याहू और आईडीएफ प्रमुख के बीच ईरान पर संभावित हमले को लेकर मतभेद की खबरों को खारिज किया है।

ईरान पर हमले को लेकर मतभेद की खबरें निराधार। (रॉयटर्स)

ईरान पर हमले को लेकर मतभेद की खबरें निराधार। (रॉयटर्स)

HighLights

  1. इजरायली रक्षा मंत्री ने मतभेद की खबरों को नकारा।

  2. चुनाव से पहले ईरान पर हमले का कोई इरादा नहीं।

  3. इजरायली वायुसेना ने दो हमास कमांडर मारे।

डिजिटल डेस्क, तेल अवीव। इजरायल के रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज ने सोमवार को उन खबरों को खारिज कर दिया, जिनमें दावा किया गया कि ईरान के खिलाफ संभावित हमले को लेकर प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और इजरायल रक्षा बल (आईडीएफ) के प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल इयाल जमीर के बीच मतभेद है। उन्होंने कहा कि ये खबरें पूरी तरह निराधार और झूठी हैं।

टाइम्स ऑफ इजरायल के अनुसार, काट्ज ने कहा कि देश में हो रहे चुनावों से पहले हमला करने का कोई इरादा नहीं है। उन्होंने कहा, 'ईरान के मुद्दे पर राजनीतिक नेतृत्व और आईडीएफ के बीच मतभेद की खबरें पूरी तरह निराधार और झूठी हैं। मैं स्पष्ट रूप से कहता हूं कि इजरायल का चुनावों से पहले ईरान पर हमला शुरू करने का कोई इरादा नहीं था।'

रविवार रात इजरायल के चैनल 12 ने दावा किया था कि प्रधानमंत्री ने सैन्य कार्रवाई का निर्देश दिया था, जबकि रक्षा अधिकारियों का मानना था कि इससे चुनाव से कुछ समय पहले ईरान के साथ टकराव बढ़ सकता है।

हमास के दो कमांडर ढेर

इजरायली वायुसेना ने बताया कि उसने पिछले सप्ताह गाजा पट्टी में अलग-अलग हवाई हमलों में हमास के सैन्य विंग के दो कमांडरों को ढेर कर दिया। यह समूह संघर्ष विराम का लगातार उल्लंघन कर रहा है। इनकी पहचान मोहम्मद खलावा और अहमद जहीर फौद अबू-उदेह के रूप में की गई है।

(समाचार एजेंसी एएनआई के इनपुट के साथ)