भागते आइएस आतंकियों ने 116 लोगों को फांसी दी
सीरिया के रेगिस्तानी शहर अल-कार्यतेन में सरकारी सेना से हो रही हार से बौखला कर आइएस आतंकियों ने इसी महीने 116 आमजनों को फांसी पर लटका दिया।
बेरूत, एएफपी। इराक और सीरिया में लगातार हो रही हार से आतंकी संगठन आइएस बौखला गया है। उसके आतंकी अब आमजनों पर और ज्यादा बर्बरता कर रहे हैं। सीरिया के रेगिस्तानी शहर अल-कार्यतेन में सरकारी सेना से हो रही हार से बौखला कर आइएस आतंकियों ने इसी महीने 116 आमजनों को फांसी पर लटका दिया। आतंकियों को शक था कि ये लोग सरकारी सेना को उनकी गतिविधियों की जानकारी दे रहे थे।
आतंकियों की इस बर्बर कार्रवाई के चंद रोज बाद ही शहर उनके हाथ से निकल गया। शनिवार को सरकारी सेना के शहर पहुंचने पर सामूहिक फांसी की घटना की जानकारी सामने आई। कई स्थानों से लोगों के शव बरामद किए गए। सीरिया के हालात पर नजर रख रही मानवाधिकारों पर कार्य करने वाली ब्रिटिश संस्था ने इस घटना की पुष्टि की है। आइएस ने सन 2015 में इस शहर पर कब्जा किया था।
यह भी पढ़ें: फिल्म आइएसआइएस पर अफगानिस्तान को थी आपत्ति