यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 17, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
ईरान-सऊदी अरब के बीच सुधर रहे रिश्ते, 7 साल बाद पहली बार तेहरान पहुंचे विदेश मंत्री प्रिंस फैसल बिन फरहान
सऊदी ने साल 2016 में ईरान के साथ संबंध तोड़ दिए थे। जब सऊदी अरब में एक प्रमुख शिया मुस्लिम ...और पढ़ें

तेहरान, एजेंसी। सऊदी अरब के विदेश मंत्री प्रिंस फैसल बिन फरहान शनिवार को तेहरान पहुंचे। ईरानी मीडिया ने बताया कि सात साल के अलगाव के बाद सऊदी अरब के विदेश मंत्री पहली बार ईरान दौरे पर आए हैं।
ईरानी राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी से भी मिल सकते हैं प्रिंस फैसल
सरकारी मीडिया ने बताया कि अपनी यात्रा के दौरान सऊदी के शीर्ष राजनयिक तेहरान के विदेश मंत्री हुसैन अमीर-अब्दुल्ला समेत ईरानी अधिकारियों से मुलाकात करेंगे। सऊदी मीडिया ने बताया कि विदेश मंत्री प्रिंस फैसल की ईरान की पहली यात्रा के दौरान ईरानी राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी के साथ एक बैठक भी हो सकती है।
साल 2016 में ईरान-सऊदी अरब के बीच संबंधों में आई खटास
सऊदी अरब ने साल 2016 में शिया नेतृत्व वाले ईरान के साथ संबंध तोड़ दिए थे। जब सऊदी अरब में एक प्रमुख शिया मुस्लिम धर्मगुरु शेख निम्र अल-निम्र की हत्या कर दी गई थी। इस घटना के बाद ईरान के लोग भड़क गए थे और शिया मुस्लिम धर्मगुरु के मारे जाने के खफा होकर उन्होंने सऊदी दूतावास पर हमला बोल दिया था। इसके बाद से ही दोनों देशों ने एक-दूसरे से संबंध तोड़ लिए थे।
मार्च में हुआ था दोनों देशों के बीच ऐतिहासिक समझौता
हालांकि, दोनों देश इसी साल मार्च में संबंधों को सुधारने और अपने संबंधित दूतावासों को फिर से खोलने के लिए सहमत हुए। ईरान सरकार के प्रवक्ता अली बहादोरी जहरोमी ने स्थानीय मीडिया को बताया कि प्रिंस फैसल की यात्रा के दौरान तेहरान में सऊदी राजनयिक मिशन को फिर से खोलने के लिए कुछ कदम उठाने की उम्मीद है।
बता दें कि 6 जून को इस्लामिक गणतंत्र ईरान ने सऊदी अरब में अपना दूतावास और वाणिज्य दूतावास फिर से खोल दिया है। ईरानी मीडिया के अनुसार, तेहरान में एक होटल में सऊदी दूतावास फिर से खुलेगा।
