ईरान ने कहा- जनता की बेहतरी के लिए सऊदी अरब के साथ वार्ता को तैयार, इराक की मध्यस्थता स्वागत योग्य
ईरान के बगदाद में राजदूत इराज मसजीदी ने इराक में सऊदी और ईरान के बीच हुई वार्ता की पुष्टि कर दी है। उन्होंने अपने बयान में कहा कि सऊदी अरब से सामान्य संबंध करने के लिए इराक की मध्यस्थता स्वागत योग्य है।
दुबई, एजेंसियां। सऊदी अरब और ईरान के बीच पिछले पांच साल से खराब रिश्तों के बेहतर होने का स्पष्ट संकेत मिलने लगा है। ईरान के विदेश मंत्रालय ने कहा है कि सऊदी अरब से वार्ता का ईरान हमेशा स्वागत करेगा।
सऊदी अरब और ईरान ने तनाव कम करने पर इराक में चर्चा की थी
ज्ञात हो कि पिछले दिनों मीडिया में आई खबर के मुताबिक इराक में दोनों देशों के बीच सकारात्मक वार्ता हुई थी, इस वार्ता में दोनों देशों ने तनाव कम करने पर चर्चा की थी। हालांकि सीधेतौर पर ईरान ने मीडिया में आने वाली इन खबरों की पुष्टि नहीं की।
ईरान ने कहा- जनता की बेहतरी के लिए सऊदी अरब के साथ वार्ता को तैयार
ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता सईद खातिबजादेह ने कहा है कि चर्चाओं का कुछ नहीं कह सकते। महत्वपूर्ण ये है कि हम दोनों देशों की जनता की बेहतरी के लिए सऊदी अरब के साथ हमेशा वार्ता को तैयार हैं। यह शांति और क्षेत्र की स्थिरता के लिए भी जरूरी है।
इराकी प्रधानमंत्री ने दोनों देशों के बीच वार्ता कराई थी
रायटर के अनुसार सूत्रों ने बताया है कि इराकी प्रधानमंत्री ने दोनों देशों के बीच वार्ता कराई थी। वह पिछले महीने सऊदी अरब की यात्रा पर गए थे। वार्ता का मुख्य बिंदु यमन था। जहां सऊदी अरब के नेतृत्व में गठबंधन सेना ईरान के समर्थन वाले हाउती विद्रोहियों से संघर्ष कर रही है।
ईरान ने कहा- सऊदी अरब से सामान्य संबंध करने के लिए इराक की मध्यस्थता स्वागत योग्य
इधर ईरान के बगदाद में राजदूत इराज मसजीदी ने इराक में सऊदी और ईरान के बीच हुई वार्ता की पुष्टि कर दी है। उन्होंने अपने बयान में कहा कि सऊदी अरब से सामान्य संबंध करने के लिए इराक की मध्यस्थता स्वागत योग्य है। सऊदी के किसी भी अधिकारी ने इस संबंध में कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।