विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ट्रंप के दावे के बाद ईरान पर हमला, ईरान ने तेल अवीव में गिराई 100 किलो विस्फोटक मिसाइल; फिलीपींस में आपातकाल घोषित

Published: Tue, 24 Mar 2026 10:41 PM (IST)Updated: Tue, 24 Mar 2026 11:29 PM (IST)

अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के बातचीत के दावों के बावजूद पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ गया है। इजरायल ने ईरान के ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. इजरायल ने ईरान के 50 से अधिक सैन्य ठिकानों पर बमबारी की।

  2. ईरान ने तेल अवीव पर 100 किलो विस्फोटक वाली मिसाइल दागी।

  3. ईरान ने 'संपूर्ण विजय' तक बातचीत से इनकार किया, तेल कीमतें बढ़ीं।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ईरान के साथ बातचीत के दावों के विपरीत पश्चिम एशिया का घमासान मंगलवार को पूरी ताकत के साथ जारी रहा। इजरायल ने ईरान के 50 से अधिक सैन्य ठिकानों और उत्पादन केंद्रों पर रातभर बमबारी की। लेबनान में राजधानी बेरूत के दक्षिण में भी ताबड़तोड़ हमले हुए।

वहीं, ट्रंप द्वारा पांच दिनों तक ईरान के ऊर्जा केंद्रों पर हमले न करने के आदेशों की धज्जियां उड़ाते हुए ईरान के दो ऊर्जा केंद्रों पर हमले किए गए। जवाब में ईरान ने इजरायल समेत पश्चिम एशिया के सभी ठिकानों पर मिसाइलों और ड्रोन से हमलों की बारिश कर दी। ईरान की एक मिसाइल तेल अवीव के केंद्रीय शहर पर गिरी। इस पर 100 किलो वजन का विस्फोटक लगा हुआ था।

iran israel missile

ईरान का बातचीत से इनकार

वहीं इराक के कुर्दिस्तान में छह मिसाइल हमले हुए, जिसमें छह कुर्द लड़ाके मारे गए, जबकि 30 घायल हो गए। ट्रंप की तरफ से ईरान से बातचीत की पहल के बाद पाकिस्तान ने ईरान को बातचीत के लिए आमंत्रित किया है, जबकि ईरान ने 'संपूर्ण विजय' होने तक बातचीत से साफ इनकार कर दिया है। ईरान के अड़ियल रुख के चलते अंतरराष्ट्रीय बाजारों में तेल की कीमत फिर बढ़कर 1.8 प्रतिशत बढ़कर 101.77 डालर पहुंच गई।

इन हमलों की जिम्मेदार कौन?

एपी के अनुसार, ईरानी मीडिया फॉर्स न्यूज एजेंसी ने बताया कि मंगलवार को इस्फहान प्रांत में प्राकृतिक गैस ढांचे और खोर्रमशहर बिजली संयंत्र को जानेवाली गैस पाइपलाइन पर हमले हुए। न तो इजरायल और न अमेरिका ने ही इन हमलों की जिम्मेदारी ली। न्यूयार्क टाइम्स के अनुसार, ईरान के बैलिस्टिक मिसाइल कार्यक्रम को तबाह करने के अमेरिकी और इजरायली अधिकारियों के दावे के उलट ईरान की तरफ से मिसाइल हमलों की तीव्रता बढ़ती जा रही है।

Israel F 35 destroys Iran YAK-130 fighter jet

इजरायल में अब तक 16 लोग मारे जा चुके

मंगलवार को ईरान के मिसाइल हमले के बाद इजरायली सेना के कर्नल मिकी डेविड ने कहा कि अब तक के युद्ध के दौरान हमने ईरान का ऐसा हमला नहीं देखा था। हमले में चार लोग गंभीर रूप से घायल बताए गए हैं। इजरायल में अब तक 16 लोग मारे जा चुके हैं, जबकि 4500 से ज्यादा घायल हैं। रायटर के अनुसार, खाड़ी देशों की तरफ भी ईरान के ड्रोन और मिसाइल हमले तेज हुए हैं।

कुवैत में कई घंटे तक बिजली आपूर्ति ठप

यूएई और सऊदी अरब के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि सेना ने कई ड्रोन इंटरसेप्ट किए, जबकि कुवैत में बिजली के तारों पर मिसाइलों के मलबे गिरने से कई घंटे बिजली आपूर्ति ठप रही। बहरीन में ईरानी हमले में एक सैनिक की मौत हुई। वहीं, बहरीन स्थित अमेजन के डाटा सेंटर पर ईरानी हमले में काफी नुकसान हुआ है। डाटा सेंटर का इस्तेमाल क्लाउड कम्प्यूटिंग सर्विस के लिए होता है। इसके चलते अमेजन की वेब सर्विस ठप हो गई। अब तक तीन डाटा सेंटर हमलों का शिकार हुए हैं। इनमें दो यूएई में थे।

iran-israel war news

हमले में 15 लड़ाके मारे

इराक में ईरान समर्थित पीएमएफ पर हमला एपी के अनुसार, इराक के अन्बार प्रांत में ईरान समर्थित शिया मिलिशिया 'पापुलर मोबिलाइजेशन फोर्सेज' (पीएमएफ) के मुख्यालय और इसके प्रमुख के आवास पर अमेरिकी-इजरायली हवाई हमले में 15 लड़ाके मारे गए, जबकि 30 घायल हो गए। हमले में पीएमएफ के आपरेशंस कमांडर भी मारा गया।

ईरान के राजदूत को देश छोड़ने का आदेश

पीएमए के नेता फालिह अल फयाद के मोसुल स्थित आवास पर भी हमला हुआ, लेकिन उस दौरान फयाद वहां मौजूद नहीं था। पिछले दिनों इस बल ने बगदाद के अमेरिकी दूतावास समेत प्रमुख अमेरिकी ठिकानों पर हमले किए थे। हमले के बाद इराक के पीएम शिया उल सूडानी ने आपात बैठक बुलाई। बेरूत के दक्षिण में इजरायली हमले में तीन लोग मारे गए, जिसमें एक तीन साल की बच्ची भी शामिल है। लेबनान सरकार ने ईरान के राजदूत को देश छोड़ने का आदेश दिया और ईरानी विमानों को भी अपने यहां उतरने पर प्रतिबंध लगा दिया। लेबनान को आशंका है कि ईरानी विमानों के जरिये हिजबुल्ला के लिए हथियार भेजे जा सकते हैं।

trump shahbaz

मुनीर की ट्रंप से वार्ता, पीएम शरीफ ने दिया न्योता

पाकिस्तान के सेना प्रमुख आसिम मुनीर ने सोमवार को अमेरिकी राष्ट्रपति से फोन पर बात की। व्हाइट हाउस ने इसकी पुष्टि की है। हालांकि इस बातचीत के विवरण साझा नहीं किए गए हैं। सूत्रों के अनुसार, पाकिस्तान ने भी वरिष्ठ अमेरिकी और ईरानी अधिकारियों की बातचीत के लिए इस्लामाबाद को एक संभावित स्थल के रूप में प्रस्तावित किया है।

रॉयटर्स के अनुसार, ट्रंप की बातचीत की पहल के बीच प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने एक्स पर लिखा कि ईरान युद्ध को खत्म करने के लिए उनका देश सार्थक और निर्णायक वार्ताओं को सुगम बनाना चाहता है। तीन पाकिस्तानी अधिकारियों, एक मिस्त्र के अधिकारी और एक खाड़ी राजनयिक के अनुसार, अमेरिका ने पाकिस्तान में वार्ता में शामिल होने के लिए ''सैद्धांतिक रूप से'' सहमति दे दी है।

मध्यस्थ अब भी ईरान को मनाने की कोशिश कर रहे हैं। पाकिस्तानी अधिकारियों ने कहा कि इस वार्ता की खबर लीक होने के बाद से ''गुप्त कूटनीति'' और अधिक जटिल हो गई है। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची के कार्यालय ने कहा था कि वे इस हफ्ते तमाम देशों अपने समकक्षों से बातचीत कर रहे हैं।

आपातकाल सालभर लागू रह सकता है

वहीं, ईरानी संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बाघेर गलीबाफ ने कहा था कि किसी तरह की बातचीत नहीं चल रही, सब फर्जी खबरें हैं। वहीं, रिवोल्यूशनरी गार्ड के प्रवक्ता जनरल अली अबुदल्लाही आलियाबादी ने कहा की संपूर्ण विजय होने तक संघर्ष जारी रहेगा।

फिलीपींस में आपातकाल घोषित

तेल आपूर्ति ठप होने से फिलीपींस में आपातकाल घोषित कर दिया गया है। राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर ने कहा कि देश पर ऊर्जा संकट गहरा रहा है। आपातकाल सालभर लागू रह सकता है। इसके तहत तेल और गैस की उपलब्धता केवल जरूरी सुविधाओं के लिए सुनिश्चित रहेगी।

यह भी पढ़ें- ट्रंप ने ईरान के पावर प्लांट पर क्यों टाला हमला? अमेरिका-इजरायल ने आखिरी वक्त में बदली रणनीति