हूती विद्रोहियों के हमले रोकने की कवायद: तेहरान में सऊदी, पाक और तुर्किए की बड़ी बैठक
यमन के हूती लड़ाकों के सऊदी अरब पर हमलों के बीच ईरान ने मक्का सुरक्षा समझौते में शामिल देशों के प्रतिनिधियों के साथ तेहरान में बैठक की।

ईरान ने सऊदी-हूती तनाव कम करने को बैठक की
HighLights
ईरान ने सऊदी-हूती तनाव कम करने को बैठक की
सऊदी, पाकिस्तान, तुर्की के प्रतिनिधि भी हुए शामिल
यमन संघर्ष खत्म करने पर हुई चर्चा
डिजिटल डेस्क, तेहरान। यमन के हूती लड़ाकों के सऊदी अरब पर हमलों के बीच ईरान ने मक्का सुरक्षा समझौते में शामिल देशों के प्रतिनिधियों के साथ सोमवार को तेहरान में बैठक की।
इस बैठक का उद्देश्य सऊदी अरब और हूती के बीच के तनाव को कम करके चल रही लड़ाई को खत्म कराना था। विदित हो कि शिया लड़ाकों के संगठन हूती को ईरान सभी तरह का समर्थन देता है।
ईरान ने सऊदी-हूती तनाव कम करने को बैठक की
इस बैठक में सऊदी अरब की ओर से वहां के रक्षा मंत्री और युवराज मुहम्मद बिन सलमान के छोटे भाई खालिद बिन सलमान ने हिस्सा लिया, जबकि पाकिस्तान की ओर से सेना प्रमुख आसिम मुनीर और तुर्किये की ओर से वहां के खुफिया प्रमुख इब्राहीम कलीन ने हिस्सा लिया।
जबकि ईरान के सरकारी मीडिया में प्रकाशित फोटो में बैठक में ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान, विदेश मंत्री अब्बास अरागची और सर्वोच्च सुरक्षा परिषद के सचिव मोहसिन रेजाई बैठे दिखाई दे रहे हैं।
सऊदी अरब के विदेश मंत्रालय ने इस बैठक को तनाव खत्म करने की पहल बताया है जिसके निकट भविष्य में सफल होने की उम्मीद है। यह बैठक कतर और पाकिस्तान की मध्यस्थता के चलते संभव हुई।
इससे पहले दोनों देशों ने अमेरिका और ईरान के बीच भी मध्यस्थता कर जून में अंतरिम शांति समझौता कराया था लेकिन कुछ ही दिन बाद अमेरिका-ईरान के बीच फिर लड़ाई शुरू हो गई थी।
तेहरान में सोमवार को यह बैठक ऐसे समय में हुई जब कुछ ही घंटे पहले हूती ने रियाद के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और सऊदी तेल ठिकानों पर हमले किए थे। इतना ही नहीं, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान पर हमले की धमकी दी थी।
हूती और सऊदी गठबंधन के परस्पर बड़े हमले
हूती लड़ाकों ने ताजा हमले में रियाद के हवाई अड्डे के अतिरिक्त सऊदी अरब की महत्वपूर्ण ईस्ट-वेस्ट आयल पाइपलाइन को भी निशाना बनाने का दावा किया है। सऊदी अरब ने इन दावों का खंडन नहीं किया है।
इस बीच सऊदी अरब के लड़ाकू विमानों ने हूती की राजधानी सना पर हमला किया है। सऊदी अरब के नेतृत्व वाले सैन्य गठबंधन के प्रवक्ता तुर्की अल-मलीकी ने दावा कि हमले हूती के हथियारों और मिसाइलों का भंडार नष्ट हुआ है।
इस बीच हूती के प्रवक्ता ने बताया है कि सऊदी अरब समर्थित यमन की सेना के अदन स्थित ठिकाने और लहज प्रांत के अल-वहत पर मिसाइलों से हमला किया गया। इन हमलों में दर्जनों सैनिक मारे गए और सैन्य वाहनों व हथियारों के भंडार में आग लग गई है।
