विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

होर्मुज स्ट्रेट में दो तेल टैंकरों पर हमला, एक में सी-माइन्स से ब्लास्ट; दूसरे पर ईरान की नौसेना ने की स्ट्राइक

Published: Fri, 18 Sep 2026 08:24 PM (IST)

पश्चिम एशिया में अमेरिका और ईरान के बीच तनाव के चलते होर्मुज स्ट्रेट में दो तेल टैंकरों को नुकसान पहुंचा ...और पढ़ें

होर्मुज स्ट्रेट में दो तेल टैंकरों पर हमला और विस्फोट

होर्मुज स्ट्रेट में दो तेल टैंकरों पर हमला और विस्फोट

HighLights

  1. होर्मुज स्ट्रेट में दो तेल टैंकरों को भारी नुकसान हुआ।

  2. एक टैंकर पर ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड ने हमला किया।

  3. दूसरा सुपरटैंकर समुद्री माइंस की चपेट में आकर फटा।

डिजिटल डेस्क, तेहरान। पश्चिम एशिया में अमेरिका और ईरान के बीच कायम तनावपूर्ण स्थिति का खामियाजा तेल टैंकरों को भुगतना पड़ रहा है। होर्मुज स्ट्रेट में दो तेल टैंकरों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है।

एक पर रिवोल्यूशनरी गार्ड ने हमला किया था, जबकि दूसरा सुपरटैंकर समुद्री माइंस की चपेट में आ गया। दोनों में आग लग गई।

गुरुवार रात ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड (IRGC) नौसेना ने नियमों का उल्लंघन करने का आरोप लगाकर टोगो के ध्वज वाले एक तेल टैंकर पर हमला कर दिया। इसके चलते उस टैंकर में आग लग गई। सेपाह न्यूज ने आइआरजीसी के हवाले से बताया कि ट्रेंड नाम का ये तेल टैंकर अमेरिकी सेना के उकसावे और बहकावे में आकर अवैध तरीके से होर्मुज स्ट्रेट पार करने का प्रयास कर रहा था।

आईआरजीसी ने कहा कि हमारी चेतावनी का सीधा-सीधा मतलब है बर्बादी। आईआरजीसी ने कहा कि होर्मुज पर ईरान का पूरी ताकत के साथ नियंत्रण है और आक्रांता को इधर से गुजरने का रास्ता नहीं मिलेगा।

इससे पहले आईआरजीसी ने कहा था कि होर्मुज के प्रतिबंधित दक्षिणी रास्ते से गुजरने का प्रयास कर रहा एक सुपरटैंकर नौसेना माइंस के संपर्क में आ गया और उसमें विस्फोट हो गया। अल गाइया नाम के उक्त सुपरटैंकर पर लगी आग बुझाने का प्रयास विफल रहा और पूरा टैंकर आग की लपटों में घिर गया।

ईरान के समुद्री यातायात का प्रबंधन देखनेवाली संस्था पर्शियन गल्फ स्ट्रेट अथॉरिटी (पीजीएसए) ने भी बीमा कंपनियों को नियमों का उल्लंघन करनेवाले जहाजों को सेवाएं देने से परहेज करने की चेतावनी दी है।

अमेरिका के निशाने पर ईरान का क्रिप्टो

अमेरिका ने ईरान के एक क्रिप्टोकरेंसी एक्सचेंज और उसके डेवलपर पर प्रतिबंध लगा दिए हैं। आरोप है कि इस नेटवर्क ने आइआरजीसी को बिटक्वाइन के जरिए करोड़ों डालर ट्रांसफर करने में मदद की थी। ट्रेजरी डिपार्टमेंट ने कहा कि 'बिटबैंक' नाम का यह एक्सचेंज, बाबक जंजानी के कंट्रोल वाले उस नेटवर्क का हिस्सा था जो प्रतिबंधों से बचने का काम करता था।

यह कार्रवाई 'आपरेशन इकोनॉमिक आउटकास्ट' के तहत की गई, जो ईरान और उसके वित्तीय सहयोगियों के खिलाफ ट्रंप प्रशासन का आर्थिक अभियान है।

ईरान के लिए बलिदान परेड में शामिल हुए पेजेश्कियान

ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान ने शुक्रवार को तेहरान में "ईरान के लिए बलिदान" परेड में हिस्सा लिया। यह परेड "लब्बैक या खामेनेई" के नारे के साथ और बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी के साथ आयोजित की गई थी।

एएनआई ने इसना न्यूज एजेंसी के हवाले से बताया कि इस परेड में 3,13,000 लोगों ने हिस्सा लिया। लोकप्रिय समूहों की भी भागीदारी रही। परेड से इतर मीडिया से बातचीत में पेजेश्कियान ने कहा कि हम अपने देशवासियों, देश और ईरान के लिए अपने जीवन का बलिदान दे रहे हैं और हम तहे दिल से देश के लिए काम करते रहेंगे।

उन्होंने कहा कि दुश्मन को हताश करने के लिए देशवासियों को एकजुट और भाईचारे के साथ रहने की जरूरत है।

(न्यूज एजेंसी आईएएनएस के इनपुट के साथ)