दुबई के अस्पताल में सर्जरी के बाद भारतीय महिला की मौत, डीएचए कर रही जांच
मूल रूप से मुंबई की रहने वाली 42 वर्षीय बेट्टी रीता फर्नाडीस का निधन दुबई में हो गया। इलाज के दौरान हुई मौत से दुबई स्वास्थ्य प्राधिकरण (डीएचए) जांच पड़ताल में लग गई है।
दुबई, प्रेट्र। संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में 42 वर्षीय भारतीय महिला बेट्टी रीता फर्नाडिस की एक निजी अस्पताल में सर्जरी के बाद पैदा हुई जटिलताओं के कारण मौत हो गई। पेशे से शेफ फर्नाडिस को कूल्हे के प्रत्यारोपण की सर्जरी के लिए गत नौ मई को दुबई के अल जाहरा अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
मूल रूप से मुंबई की रहने वाली थी महिला
दो घंटे तक चली सर्जरी के बाद उनका निधन हो गया। इसको लेकर उनके पति ने अस्पताल के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। दुबई स्वास्थ्य प्राधिकरण (डीएचए) इस मामले की जांच-पड़ताल कर रहा है। मूल रूप से मुंबई की रहने वाली फर्नाडिस यहां 'बेट्टीज केक टेल' नामक स्टोर चलाती थीं। उन्हें जन्म से ही कूल्हे से संबंधित समस्या थी।
डीएचए द्वारा की जा रही पड़ताल
अस्पताल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मुहायेम अब्देलगनी ने कहा, 'सर्जरी के बाद बेट्टी रीता फर्नाडिस के निधन के मामले की डीएचए और संयुक्त अंतराष्ट्रीय आयोग (जेसीआइ) द्वारा तय दिशा-निर्देशों के अनुसार कई स्तर पर पड़ताल की जा रही है। पीडि़त के परिवार को इससे संबंधित सभी जानकारियां मुहैया कराई जा रही हैं।'
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप