यूएई में कोरोना के दौर में सही इलाज ना मिलने से भारतीय नृत्यांगना की गई जान
यूएई के दुबई शहर में अस्पतालों के कोरोना मरीजों से भरे होने के कारण सही इलाज ना मिलने से भारतीय शास्त्रीय नृत्यांगना दीपा नायर का निधन हो गया।
दुबई, प्रेट्र। संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के दुबई शहर में अस्पतालों के कोरोना मरीजों से भरे होने के कारण सही इलाज ना मिलने से भारतीय शास्त्रीय नृत्यांगना दीपा नायर का निधन हो गया। 47 साल की दीपा यूएई के सांस्कृतिक क्षेत्र का चर्चित चेहरा थीं। वह केरल की रहने वाली थीं और इवेंट मैनेजर के तौर पर भी काम करती थीं।
कोरोना का दौर नहीं होता तो बच सकती थी जान
खलीज टाइम्स के अनुसार, दीपा ने कार्डिक अरेस्ट के कारण अल नहद स्थित अपने घर में रविवार को अंतिम सांस ली। उनके पति सूरज मूसाद ने कहा, 'हमें लगता है कि अगर कोरोना का दौर नहीं होता तो वह बच सकती थीं।' उन्होंने कहा कि उनके पेट में गड़बड़ी थी और 2011 में उसके लिए सर्जरी हुई थी। वह अक्सर पेट में ऐंठन और दस्त की शिकायत करती थी। दुबई में 19 साल से रह रहे सूरज ने कहा, 'रविवार तड़के अस्वस्थ होने पर हम दीपा को दुबई के एक अस्पताल लेकर गए। वहां आगाह किया गया कि अस्पताल में कोरोना के 140 मरीज हैं। इसके बाद हम दूसरे अस्पताल गए, लेकिन कोरोना मरीजों के चलते वहां भी दीपा को भर्ती नहीं किया गया। फिर हम एक अन्य अस्पताल में गए, जहां उन्हें भर्ती किया गया। उन्हें उसी दिन सुबह छुट्टी दे दी गई।
तबियत खराब होने के बाद भी अस्पताल नहीं ले जा सके परिवार वाले
घर लौटने पर फिर उनकी तबीयत बिगड़ गई। वह बेहद अस्वस्थ महसूस कर रही थी और उसके हाथ-पैर ठंडे पड़ रहे थे। लेकिन हम उसे अस्पताल नहीं ले गए क्योंकि हम अपने पिछले दिन के अनुभव से जानते थे कि हमें ठुकरा दिया जाएगा। इसलिए, हमने इसके बजाय पुलिस और एम्बुलेंस को बुलाया, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। शाम को चार बजे कार्डिक अरेस्ट से उनका निधन हो गया।