ईरान-इजरायल जंग: भारतीय एयरलाइनों ने 279 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें की रद, अपने नागरिकों को दिया मदद का भरोसा
पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण भारतीय एयरलाइनों ने 279 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द कर दी हैं। अमेरिका, इजरायल और ...और पढ़ें

भारतीय एयरलाइनों ने 279 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें की रद(फाइल फोटो)
HighLights
पश्चिम एशिया संघर्ष से भारतीय एयरलाइनों की 279 उड़ानें रद्द
सऊदी अरब में भारतीय दूतावास ने नागरिकों को सहायता का आश्वासन दिया
एयर इंडिया यूरोप, अमेरिका, मालदीव के लिए अतिरिक्त उड़ानें संचालित करेगी
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण भारतीय एयरलाइनों ने रविवार को 279 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद कर दीं। अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच चल रही लड़ाई के चलते हवाई क्षेत्र बंद होने और प्रतिबंधों की वजह से उड़ान संचालन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने रविवार को कहा कि खाड़ी की स्थिति से कई क्षेत्रों में उड़ानें प्रभावित हुई हैं।
भारतीय नागरिकों को हर संभव सहायता
अधिकारियों का कहना है कि मौजूदा भू-राजनीतिक घटनाओं के कारण पश्चिम की ओर जाने वाली कुछ अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में देरी या समय-सारणी में बदलाव हो सकता है।
इस बीच, सऊदी अरब में भारत के राजदूत सुहेल एजाज खान ने रविवार को भारतीय समुदाय के प्रतिनिधियों के साथ वर्चुअल वार्ता की और ईरान पर अमेरिका-इजरायल के संयुक्त हमलों के बाद उन्हें सहायता का आश्वासन दिया।
सऊदी अरब स्थित भारतीय दूतावास ने एक पोस्ट में बताया कि राजदूत ने आश्वासन दिया कि दूतावास जरूरतमंद भारतीय नागरिकों को हर संभव सहायता देने के लिए तैयार है। भारतीय समुदाय को त्वरित सहायता प्रदान करने के लिए दूतावास में 2437 नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है।
यूरोप और अमेरिका के लिए अतिरिक्त उड़ानें संचालित करेगी एअर इंडिया
एअर इंडिया ने रविवार को घोषणा की कि पश्चिम एशिया संघर्ष के बीच विश्वसनीय यात्रा विकल्पों की लगातार बढ़ती मांग को देखते हुए वह अगले कुछ दिनों में यूरोप के पांच प्रमुख हवाई अड्डों के साथ-साथ न्यूयार्क के लिए अतिरिक्त उड़ानें शुरू करेगी। इसके अलावा मालदीव और श्रीलंका के लिए भी अतिरिक्त सेवाएं शुरू की जाएंगी।
एअर इंडिया ने कहा है कि वह 10 से 18 मार्च के बीच चुनिंदा रूट पर 78 अतिरिक्त उड़ानें संचालित करेगी, जिससे यात्रियों को आवागमन में सहूलियत होगी। इन यात्रा मार्गों में दिल्ली-न्यूयार्क, दिल्ली-लंदन, मुंबई-लंदन, दिल्ली-फ्रैंकफर्ट, दिल्ली-पेरिस, दिल्ली-एम्स्टर्डम, दिल्ली-ज्यूरिख, दिल्ली-माले और दिल्ली-कोलंबो शामिल हैं।
