विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अमेरिका-इजरायल के खिलाफ ईरान की सड़कों पर उमड़े लाखों लोग, राष्ट्रपति समेत कई बड़े नेता प्रदर्शन में पहुंचे

Published: Sat, 19 Sep 2026 02:10 AM (IST)

अमेरिका और इजरायल के साथ सैन्य संघर्ष के बीच ईरान में सरकार के समर्थन और दुश्मन के खिलाफ आक्रोश जताने ...और पढ़ें

अमेरिका-इजरायल के खिलाफ ईरान की सड़कों पर उमड़े लाखों लोग (फोटो- रॉयटर)

अमेरिका-इजरायल के खिलाफ ईरान की सड़कों पर उमड़े लाखों लोग (फोटो- रॉयटर)

HighLights

  1. छह लाख लोगों ने कराया पंजीकरण, 10 लाख को सैन्य प्रशिक्षण देने की तैयारी

  2. होर्मुज में दो तेल टैंकरों को नुकसान, ईरानी क्रिप्टो नेटवर्क पर अमेरिका की कार्रवाई

जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। अमेरिका और इजरायल के साथ सैन्य संघर्ष के बीच ईरान में सरकार के समर्थन और दुश्मन के खिलाफ आक्रोश जताने के लिए शुक्रवार को बड़ी संख्या में लोग तेहरान की सड़कों पर उतरे।

‘ईरान के लिए बलिदान’ नाम की परेड में लोगों ने हथियार थामकर युद्ध के लिए अपनी तैयारी का प्रदर्शन किया। एपी के अनुसार, इसमें करीब 3.13 लाख लोग शामिल हुए। राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान समेत कई प्रमुख नेता भी परेड में पहुंचे।

पेजेश्कियान ने कहा कि ईरान के लोगों, देश और मातृभूमि के लिए जीवन बलिदान करने को तैयार हैं। उन्होंने कहा कि दुश्मन को हतोत्साहित करने के लिए देशवासियों को एकजुट होकर भाईचारे के साथ रहना होगा। प्रदर्शनकारियों ने ‘अमेरिका मुर्दाबाद’ और ‘इजरायल मुर्दाबाद’ के नारे लगाए।

सरकार की ओर से राष्ट्रीय एकता पर जोर ऐसे समय दिया जा रहा है, जब अमेरिकी नौसेना द्वारा ईरानी बंदरगाहों की घेराबंदी और नए अमेरिकी प्रतिबंधों के कारण देश की अर्थव्यवस्था पर दबाव बढ़ रहा है।

सरकारी मीडिया कई दिनों से लोगों से ‘जानफदाये-ए-ईरान’ यानी ‘ईरान के लिए बलिदान’ अभियान में शामिल होने की अपील कर रहा है। स्वयंसेवकों को असाल्ट राइफलों के साथ सीमित सैन्य प्रशिक्षण दिए जाने की तैयारी है।

तेहरान में आइआरजीसी के प्रमुख जनरल हसन हसनजादेह के अनुसार, इस अभियान के लिए छह लाख लोगों ने पंजीकरण कराया है और करीब 10 लाख लोगों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। ये स्वयंसेवक रिवोल्यूशनरी गार्ड और बासिज मिलिशिया के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बल के रूप में काम करेंगे।

होर्मुज में दो टैंकरों को नुकसान

आईएएनएस के अनुसार, अमेरिका-ईरान तनाव के बीच होर्मुज जलडमरूमध्य में दो तेल टैंकरों को भारी नुकसान पहुंचा है। आइआरजीसी के अनुसार, टोगो के झंडे वाले ‘ट्रेंड’ नामक तेल टैंकर में उस समय आग लग गई, जब वह कथित तौर पर अमेरिकी सेना के उकसावे में आकर प्रतिबंधित दक्षिणी मार्ग से गुजरने की कोशिश कर रहा था।

इससे पहले आइआरजीसी ने बताया कि ‘अल गाइया’ नामक एक सुपरटैंकर समुद्री माइंस की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें आग लग गई। आग बुझाने के प्रयास सफल नहीं हुए।

ईरान के समुद्री यातायात प्रबंधन से जुड़ी संस्था पर्शियन गल्फ स्ट्रेट अथारिटी ने बीमा कंपनियों को नियमों का उल्लंघन करने वाले जहाजों को सेवाएं देने से बचने की चेतावनी दी है।

ईरानी क्रिप्टो नेटवर्क पर अमेरिकी प्रतिबंध

एएनआई के अनुसार, अमेरिका ने ईरान के क्रिप्टोकरेंसी एक्सचेंज ‘बिटबैंक’ और उसके डेवलपर पर प्रतिबंध लगाए हैं। अमेरिकी ट्रेजरी विभाग के अनुसार, इस नेटवर्क ने आईआरजीसी को बिटक्वाइन के जरिये करोड़ों डालर भेजने में मदद की।

अमेरिका का आरोप है कि यह नेटवर्क बाबक जंजानी के नियंत्रण वाले उस वित्तीय तंत्र का हिस्सा था, जिसका इस्तेमाल प्रतिबंधों से बचने के लिए किया जाता था। यह कार्रवाई ट्रंप प्रशासन के ‘ऑपरेशन इकोनामिक आउटकास्ट’ के तहत की गई है।