एक फैसला और बच गई जान, मिसाइल हमले में पिता की तरह मारे जाते मोजतबा खामेनेई; रिपोर्ट में खुलासा
ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई अमेरिकी-इजरायली हमले में बाल-बाल बचे, जिसमें उनके पिता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत हो गई थी।
HighLights
मोजतबा खामेनेई अमेरिकी-इजरायली हमले में बाल-बाल बचे।
हमले से कुछ सेकंड पहले ही परिसर से बाहर निकले।
पिता अयातुल्ला अली खामेनेई और पत्नी हद्दाद की मौत।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई उस अमेरिकी-इजरायली हमले में बाल-बाल बच गए, जिसमें उनके पिता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत हो गई थी। कहा जा रहा है कि वह हमले के ठीक कुछ सेकेंड पहले वहां से निकल गए थे।
ईरान की आंतरिक बैठक से लीक हुई ऑडियो रिकॉर्डिंग पर आधारित एक रिपोर्ट में इस बात का दावा किया गया है। 28 फरवरी को ऑपरेशन एपिक फ्यूरी के तहत की गई इस स्ट्राइक में ईरान के लंबे समय से चले आ रहे सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई के तेहरान स्थित परिसर को निशाना बनाया गया था, जिसमें कई वरिष्ठ अधिकारी भी मारे गए।
लीक हुई ऑडियो रिकॉर्डिंग में क्या है?
द टेलीग्राफ की एक रिपोर्ट के अनुसार, लीक हुई ऑडियो रिकॉर्डिंग में 12 मार्च को वरिष्ठ ईरानी धर्मगुरुओं और इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के कमांडरों के बीच हुई एक बैठक के दौरान की गई टिप्पणियां दर्ज हैं।
दिवंगत नेता के कार्यालय में प्रोटोकॉल प्रमुख मजाहिर हुसैनी ने कथित तौर पर अधिकारियों को बताया कि हमले से कुछ ही समय पहले मोजतबा खामेनेई अपने पिता के साथ इमारत के भीतर मौजूद थे, लेकिन मिसाइलों के टकराने से ठीक पहले वह बाहर निकल गए।
बिल्डिंग से निकलते ही हुआ हमला
रिकॉर्डिंग में होसैनी के हवाले से कहा गया, “अल्लाह की यही मर्जी थी कि मोजतबा किसी काम से आंगन में जाए और फिर लौट आए। वह बाहर थे और ऊपर की मंजिल की ओर जा रहे थे, तभी उन्होंने एक मिसाइल से इमारत पर हमला कर दिया।”
रिपोर्ट के अनुसार, मोजतबा के इमारत से निकलने के कुछ ही देर बाद इजरायली 'ब्लू स्पैरो' बैलिस्टिक मिसाइलों ने परिसर पर हमला कर दिया और इसमें अयातुल्ला अली खामेनेई और दर्जनों वरिष्ठ अधिकारी तथा रिश्तेदार मारे गए।
तीन मिसाइलों से हुआ हमला
होसैनी ने कथित तौर पर सभा को बताया कि इस हमले में कम से कम तीन मिसाइलों का इस्तेमाल किया गया था। एक मिसाइल कंपाउंड के उस हिस्से पर गिरी, जहां बड़े खामेनेई मौजूद थे, जबकि दूसरी मिसाइल ऊपरी मंजिल पर स्थित मोजतबा खामेनेई के आवास पर जा लगी। तीसरी मिसाइल उनके बहनोई, मिस्बाह अल-हुदा बाघेरी कानी के घर पर गिरी।
रिकॉर्डिंग में हमले के विनाशकारी प्रभाव का भी वर्णन किया गया है। हुसैनी ने बताया कि इस हमले में ईरानी सेना प्रमुख मोहम्मद शिराजी मारे गए और उनका शरीर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। होसैनी ने कथित तौर पर कहा, “वह धमाके में पूरी तरह से बिखर गए थे। उन्हें कुछ भी नहीं मिला और आखिर में उन्हें कुछ किलो मांस मिला, जिसकी पहचान उन्होंने उनके शरीर के तौर पर की।”
रिपोर्ट के अनुसार, मोजतबा खामेनेई को पैर में मामूली चोट आई। हालांकि, उनकी पत्नी हद्दाद इस हमले में मौके पर ही मारी गईं। खामेनेई के दूसरे बेटे मुस्तफा खामेनेई और उनकी पत्नी भी कथित तौर पर इस हमले में बाल-बाल बच गए।
