मिडिल ईस्ट में संकट गहराया: रियाद एयरपोर्ट पर हूती विद्रोहियों का मिसाइल हमला, इंडिगो- एअर इंडिया की उड़ानें रद
सऊदी अरब की राजधानी रियाद के किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर गुरुवार को धमाकों के बाद धुआं उठता दिखाई ...और पढ़ें

रियाद एयरपोर्ट पर हूती विद्रोहियों का मिसाइल हमला, इंडिगो- एअर इंडिया की उड़ानें रद
HighLights
लगातार दूसरे दिन लड़ाकों ने किया हवाई अड्डे पर हमला
विमान के निशाना बनने की चर्चा, आवागमन रोका गया
भारत ने हवाई अड्डे पर हमलों की निंदा की, चिंता जताई
रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने भारतीयों को सतर्क किया
रॉयटर, रियाद। सऊदी अरब की राजधानी रियाद के किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर गुरुवार को धमाकों के बाद धुआं उठता दिखाई दिया है। अपुष्ट सूत्रों के अनुसार हवाई अड्डे पर खड़ा एक विमान हूती के मिसाइल हमले का शिकार हुआ और उसमें आग लग गई है।
इसके चलते वहां पर विमानों का आवागमन रोक दिया गया है। साथ ही भारत ने भी इंडिगो- एअर इंडिया की उड़ानों पर रोक लगा दी है।
इस बीच यमन के हूती लड़ाकों ने रियाद हवाई अड्डे पर बैलेस्टिक मिसाइल से हमले का दावा किया है लेकिन सऊदी अधिकारियों ने इसकी पुष्टि नहीं की है। इस बीच एयर इंडिया ने सुरक्षा कारणों से रियाद जाने वाली अपनी सभी उड़ानों को 10 अक्टूबर तक के लिए रद कर दिया है।
भारत ने सऊदी अरब के हवाई अड्डों पर हमले की निंदा करते हुए उसे चिंताजनक बताया है। साथ ही लोगों को सऊदी अरब यात्रा से फिलहाल परहेज करने की सलाह दी है। इससे पहले बुधवार को रियाद और आभा के हवाई अड्डों पर हूती के हमलों में तीन लोग मारे गए थे और 36 घायल हुए थे।
यमन में हूती के ठिकानों और लड़ाई के मोर्चों पर सऊदी अरब की लगातार बमबारी के जवाब में हूती लड़ाकों ने रियाद और अन्य सऊदी शहरों पर हमले तेज कर दिए हैं।
रियाद के हवाई अड्डे पर भारतीय समयानुसार बुधवार देर रात के हमले के बाद गुरुवार को भी इसी हवाई अड्डे को फिर से निशाना बनाए जाने की चर्चा है। हवाई अड्डे के नजदीकी इलाकों में धमाके सुने गए और उसके बाद एयरपोर्ट परिसर से धुआं उठता देखा गया। उसकी कुछ ही मिनट बाद रियाद एयरपोर्ट को विमानों के आवागमन के लिए बंद कर दिया गया।
इस बीच हूती ने रियाद एयरपोर्ट पर बैलेस्टिक मिसाइल से हमले का एलान किया है। इन हमलों के बीच यमन में सरकारी सेना और हूती लड़ाकों के बीच जमीनी लड़ाई जारी है। महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग बाब अल-मंदेब स्ट्रेट से हूती का नियंत्रण वापस लेने के लिए सरकारी सैनिक सऊदी अरब के हवाई हमलों के कवर में हमले कर रहे हैं।
सीरिया ने किया सऊदी अरब में सेना भेजने का एलान
सीरिया की सरकार ने सऊदी अरब और हूती की लड़ाई में शामिल होने पर विचार करने का एलान करते हुए कहा है कि हम वहां पर सैनिक भेज सकते हैं। वहां पर सीरियाई सैनिक बचाव और हमले, दोनों ही कार्रवाइयों में शामिल हो सकते हैं। जबकि पाकिस्तान ने कहा है कि उसके सैनिक सऊदी अरब में मौजूदा हैं और वे आवश्यकता के अनुसार वहां पर कार्रवाई करने के लिए तैयार हैं।
इस बीच मक्का समझौते में शामिल तीसरे देश तुर्किये ने कहा है कि वह भी अपने सैनिक सऊदी अरब भेजने पर विचार कर रहा है लेकिन यह निश्चित है कि उसके सैनिक हमले की कार्रवाइयों में शामिल नहीं होंगे।
दिल्ली से रियाद जा रहा विमान रास्ते से लौटा
सऊदी अरब के हवाई अड्डों पर हूती के मिसाइल और ड्रोन हमलों के चलते वहां के आकाश में सुरक्षा को लेकर चिंता पैदा हो गई है। इस खतरे को भांपते हुए दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़े विमान को बीच रास्ते से वापस बुला लिया गया है।
इतना ही नहीं केरल के तिरुअनंतपुरम हवाई अड्डे से सऊदी अरब के लिए रवाना होने वाले दो विमानों की यात्रा रद कर दी गई है। रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने सऊदी अरब में रहने वाले सभी भारतीयों से आवागमन में सावधानी बरतने और दूतावास के संपर्क में रहने के लिए कहा है।
