इजरायल हमले में शामिल हमास कमांडर बेक मारा गया, अपने दुश्मनों को नेतन्याहू ने चेताया, बोले- हमसे उलझना मत
आईडीएफ एयर फोर्स के तेल नोफ बेस पर नेतन्याहू ने कहा कि इजरायल पर पीछे हटने और उन उपलब्धियों को ...और पढ़ें

इजरायल हमले में शामिल हमास कमांडर बेक मारा गया, अपने दुश्मनों को नेतन्याहू ने चेताया (फोटो- रॉयटर)
HighLights
नेतन्याहू ने कहा कि सेना ने बेक को निशाना बनाकर मार गिराया
सात अक्टूबर 2023 के दौरान इजरायली हमले में शामिल था बेक
एएनआई, यरुशलम। इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने मंगलवार को कहा कि ऐसे संकेत हैं कि देश के दुश्मन चुनाव से पहले हमले की कोशिश कर सकते हैं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि देश का "लंबा हाथ" उन तक कभी भी पहुंच सकता है।
आईडीएफ एयर फोर्स के तेल नोफ बेस पर नेतन्याहू ने कहा कि इजरायल पर पीछे हटने और उन उपलब्धियों को छोड़ने का दबाव है, जिन्हें उसके लड़ाकों की कोशिशों से हासिल किया गया है। बहुत बड़ी उपलब्धियां हासिल हुई हैं, लेकिन भारी दबाव भी है।
आगे कहा कि हमारे लड़ाकों की बहादुरी से हासिल की गई बड़ी उपलब्धियों को छोड़ने का दबाव है। मैं ऐसा नहीं होने दूंगा। मुझे ऐसी जानकारी है कि चुनाव से पहले दुश्मन हम पर हमला करने की कोशिश करेंगे। इसलिए यहां से, इस एयर फोर्स बेस से मेरा उनके लिए एक संदेश है कि हमसे उलझना मत। न अभी और न ही कभी। हमारा 'लंबा हाथ' आप तक कहीं भी, कभी भी पहुंच जाएगा।
नेतन्याहू ने गाजा और लेबनान में इजरायल के हालिया सैन्य अभियानों का भी ज़िक्र किया और कहा कि हाल के हफ्तों में 100 से ज्यादा आतंकियों को खत्म किया गया है।
इजरायल हमले में शामिल वरिष्ठ हमास कमांडर बेक मारा गया
इजरायल के हवाई हमले में मंगलवार को उत्तरी गाजा पट्टी में हमास की हथियारबंद विंग के प्रमुख इज अल-दीन अल-बेक की मौत हो गई। इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि सेना ने बेक को निशाना बनाकर मार गिराया। उनके अनुसार, बेक हमलों की योजना बनाने और चरमपंथियों की भर्ती करने में शामिल था।
हमास ने बयान जारी कर मौत की पुष्टि की। वह उन लोगों में से एक था, जिसने सात अक्टूबर 2023 को इजरायल पर हुए हमले का नेतृत्व किया था, जिसके कारण गाजा युद्ध शुरू हुआ था।
इजरायली हमले में भोर के समय गाजा शहर के नस्र इलाके में एक बिल्डिंग को निशाना बनाया गया। हमले के बाद बेक के अलावा एक और व्यक्ति की मौत हो गई।
इस महीने हमास के 20 सदस्यों को मार गिराया है- इजरायल
इजरायल का कहना है कि हमास अक्टूबर में हुए युद्धविराम का उल्लंघन करते हुए फिर से हथियार जमा कर रहा है और हमले कर रहा है। सेना का कहना है कि उसने इस महीने हमास के 20 सदस्यों को मार गिराया है, जिनमें वरिष्ठ कमांडर, सात अक्टूबर 2023 के हमलों में शामिल लोग या इजरायली बंधकों को रखने वाले लोग शामिल हैं।
हमास ने हमले करने या अपने हथियारों का जखीरा फिर से बनाने की कोशिश करने से इनकार किया है और इजरायल पर गाजा समझौते को कमजोर करने का आरोप लगाया है।
