फ्रांस और सऊदी अरब में होंगे कई समझौते
सऊदी अरब के प्रिंस मुहम्मद बिन सलमान अपने वैश्विक दौरे के अगले चरण में दो दिवसीय यात्रा पर रविवार को फ्रांस जाएंगे।
रियाद, एएफपी : सऊदी अरब के प्रिंस मुहम्मद बिन सलमान अपने वैश्विक दौरे के अगले चरण में दो दिवसीय यात्रा पर रविवार को फ्रांस जाएंगे। पिछले एक हफ्ते में सलमान ने अमेरिका, ब्रिटेन और मिस्र के बड़े नेताओं से मुलाकात कर अरबों डॉलर के समझौते किए हैं। साथ ही िद्वपक्षीय संबंधों को भी मजबूत बनाने की दिशा में कदम बढ़ाया है। इसी क्रम में सलमान फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से मुलाकात करेंगे। उम्मीद है कि दोनों देश निवेश पर अधिक ध्यान देंगे।
राजनीतिक जानकार के अनुसार सलमान का यह कोई पारंपरिक दौरा नहीं है बल्कि दोनों देशों के संबंधों की एक नई शुरुआत है। यह भी संभावना जताई जा रही है कि पर्यटन, ऊर्जा और परिवहन सहित दोनों देशों के बीच एक दर्जन से अधिक समझौते हो सकते हैं। साथ ही लेबनान के मुद्दे को लेकर भी सलमान और मैक्रों के बीच बात हो सकती है। पिछले साल यहां के दौरे पर आए लेबनान के प्रधानमंत्री साद हरीरी ने यहीं से प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा देने की घोषणा की थी। जानकार मानते हैं कि साद ने एेसा सलमान के दबाव में किया था। इसके बाद मैक्रों के साथ हुई वार्ता में साद ने अपने फैसले को बदल दिया था। बताया जाता है कि इस घटना ने मैक्रों और सलमान के बीच खटास पैदा कर दी थी।