विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

फ्लाईदुबई घटना में UAE का बड़ा खुलासा, 9/11 से प्रेरित होकर इजरायल में विमान गिराना चाहता था ओमानी पायलट

Published: Fri, 09 Oct 2026 11:36 PM (GMT+05:30)

यूएई ने शुक्रवार को दावा किया कि फ्लाईदुबई के ओमानी को-पायलट ने दुबई से तेल अवीव जा रही उड़ान पर ...और पढ़ें

9/11 से प्रेरित होकर इजरायल में विमान गिराना चाहता था ओमानी पायलट

9/11 से प्रेरित होकर इजरायल में विमान गिराना चाहता था ओमानी पायलट

HighLights

  1. फ्लाईदुबई में नौकरी लेने से पहले ही यह हमला करने की योजना बना ली थी

  2. गुरियन एयरपोर्ट के टर्मिनल पर विमान क्रैश करने की योजना बनाई थी

डिजिटल डेस्क, दुबई। संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के अटॉर्नी जनरल ने शुक्रवार को दावा किया कि फ्लाईदुबई के ओमानी को-पायलट ने दुबई से तेल अवीव जा रही उड़ान पर कब्जा कर इजरायल के बेन गुरियन एयरपोर्ट के टर्मिनल पर विमान क्रैश करने की योजना बनाई थी। यह आत्मघाती हमला 9/11 के आतंकी हमलों से प्रेरित था।

यूएई की सरकारी समाचार एजेंसी वाम के अनुसार, अटॉर्नी जनरल हमद सैफ अल शामसी ने बताया कि यह जानकारी 30 सितंबर को फ्लाईदुबई की उड़ान FZ1073 में हुई घटना की जांच से सामने आई। जांच एक अक्टूबर को शुरू की गई थी। भारतीय कैप्टन स्मित मच्छर ने को-पायलट को विमान पर नियंत्रण हासिल करने से रोक दिया, जिससे साजिश नाकाम हो गई।

जांचकर्ताओं के अनुसार, 29 वर्षीय संदिग्ध हमाम अल-हम्मामी ने अधिकतम जान-माल का नुकसान पहुंचाने का इरादा रखा था। उसने तेल अवीव जाने वाली दो पहले की उड़ानों में सफर कर मार्ग और एयरपोर्ट से परिचित होने की कोशिश की थी।

30 सितंबर की घटना में को-पायलट ने कैप्टन पर इमरजेंसी क्रैश ऐक्स से हमला किया और विमान का नियंत्रण लेने की कोशिश की। इसके चलते विमान 30 सेकंड में 16,000 फीट नीचे गिर गया। अंत में मच्छर के साहस से विमान सऊदी अरब में आपात लैंडिंग कर सका।

यूएई अटॉर्नी जनरल के अनुसार, संदिग्ध पहले ओमान एयर और रॉयल एयर मोरक्को सहित कई एयरलाइनों में काम कर चुका था। वह जनवरी 2026 में फ्लाईदुबई में शामिल हुआ।

रॉयटर के अनुसार, संदिग्ध ने पूछताछ में बताया कि उसने फ्लाईदुबई में नौकरी लेने से पहले ही यह हमला करने की योजना बना ली थी। एक स्रोत ने बताया कि उसने पहले भी एक तेल अवीव उड़ान पर हाईजैक और क्रैश की योजना बनाई थी, लेकिन उसे अंजाम नहीं दिया।