विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वेस्ट बैंक में इजरायली सैन्य ठिकाने पर हमला, दो सैनिक मरे; दर्जनों फलस्तीनियों को किया गिरफ्तार

Published: Sat, 24 Oct 2026 02:00 AM (IST)

इजरायल में संसदीय चुनाव के लिए मतदान से चार दिन पहले वेस्ट बैंक में इजरायली सैनिकों और फलस्तीनियों के बीच ...और पढ़ें

वेस्ट बैंक में इजरायली सैन्य ठिकाने पर हमला, दो सैनिक मरे (फोटो- रॉयटर)

वेस्ट बैंक में इजरायली सैन्य ठिकाने पर हमला, दो सैनिक मरे (फोटो- रॉयटर)

HighLights

  1. जवाबी कार्रवाई में दो फलस्तीनी हमलावर भी मारे गए

  2. इजरायल के संसदीय चुनाव से चार दिन पूर्व हुई घटना

  3. सेना ने कहा, बड़ा आतंकी हमला विफल कर दिया

एपी, यरुशलम। इजरायल में संसदीय चुनाव के लिए मतदान से चार दिन पहले वेस्ट बैंक में इजरायली सैनिकों और फलस्तीनियों के बीच फायरिंग में दो सैनिक मारे गए हैं। घटना में दो हमलावर फलस्तीनी भी मारे गए हैं। कई लोगों के घायल होने की भी सूचना है।

घटना के बाद दर्जनों फलस्तीनियों को गिरफ्तार किया गया है। फायरिंग की यह घटना हेब्रान शहर के नजदीक येहुदा जंक्शन पर हुई। इजरायली सेना ने कहा कि आतंकी हमले की बड़ी वारदात को विफल कर दिया गया है।

घटना के बाद सरकार ने फलस्तीनी बहुल वेस्ट बैंक में आवागमन पूरी तरह से बंद कर दिया है और घटनास्थल के नजदीक के हेब्रान शहर के घरों को ढहाना शुरू कर दिया गया है।

पता चला है कि दो हथियारबंद फलस्तीनी शुक्रवार सुबह वेस्ट बैंक में स्थित इजरायली सैन्य ठिकाने के करीब आए और उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद करीब 20 मिनट तक उनके और इजरायली सैनिकों के बीच फायरिंग हुई जिसमें दोनों फलस्तीनी मारे गए।

मारे गए फलस्तीनियों के पास से सेना ने एक एम 16 राइफल और एक हैंडगन बरामद की है। इस घटना के बाद इजरायली प्रधानमंत्री के कार्यालय ने बताया कि हेब्रान को घेरकर वहां आवागमन बंद करने के निर्देश दिए गए हैं जबकि वेस्ट बैंक भी बंद कर दिया गया है।

मंगलवार को होने वाले मतदान से पहले हुई इस घटना के बाद प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने सुरक्षा मामलों की कैबिनेट, शीर्ष सैन्य अधिकारियों और खुफिया एजेंसियों के प्रमुखों के साथ बैठक की।

बैठक के बाद नेतन्याहू ने कहा, हमारे बहादुर सैनिकों ने आतंकी हमले की साजिश को विफल कर दिया है। हमास के लिए अब कोई जगह नहीं बची है। चुनाव के दौरान गड़बड़ी पैदा करने की फलस्तीनी आतंकी संगठनों की साजिश सफल नहीं होगी।

प्रधानमंत्री ने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। इससे संकेत मिलता है कि घटना में घायल लोग इजरायली हैं। विदित हो कि वेस्ट बैंक इजरायल के कब्जे वाला फलस्तीनी बहुल क्षेत्र है।