वेस्ट बैंक के फलस्तीनी गांवों में इजरायलियों का हमला, कारों और जैतून के पेड़ों में लगाई आग
कब्जे वाले वेस्ट बैंक में इजरायली बस्तियों के निवासियों ने शुक्रवार को कई फलस्तीनी गांवों पर हमला किया। इस दौरान ...और पढ़ें

वेस्ट बैंक के फलस्तीनी गांवों में इजरायलियों का हमला
HighLights
इन हमलों से जैतून की वार्षिक फसल की कटाई प्रभावित हुई है
हजारों फलस्तीनी परिवारों की आजीविका इन पर निर्भर है
एपी, अबू फलाह। कब्जे वाले वेस्ट बैंक में इजरायली बस्तियों के निवासियों ने शुक्रवार को कई फलस्तीनी गांवों पर हमला किया। इस दौरान कारों और जैतून के पेड़ों में आग लगा दी गई तथा स्थानीय निवासियों और एक विदेशी पत्रकार के साथ मारपीट की गई।
इन हमलों से जैतून की वार्षिक फसल की कटाई प्रभावित हुई है। स्थानीय अधिकारियों और फलस्तीनी रेड क्रिसेंट सोसाइटी के अनुसार, उत्तरी वेस्ट बैंक के कम से कम आठ गांवों में हमले हुए।
यहां बड़ी संख्या में जैतून के बाग हैं और हजारों फलस्तीनी परिवारों की आजीविका इन पर निर्भर है। हमले के दौरान वाशिंगटन पोस्ट की फोटोग्राफर हेइडी लेविन के साथ भी मारपीट की गई। उन्हें चोटें आईं और अस्पताल में भर्ती कराया गया।
उन्होंने बताया कि नकाबपोश हमलावरों ने करीब 10 मिनट तक उन्हें लातें मारीं। उनके प्रेस लिखे हेलमेट और सुरक्षा जैकेट ने गंभीर चोटों से बचाने में मदद की।
इजरायली सेना ने हिंसा की निंदा की और पत्रकार के घायल होने की पुष्टि की। हालांकि, गांव के निवासियों ने आरोप लगाया कि सुरक्षा बल हमलावरों को रोकने में विफल रहे।
फलस्तीनी रेड क्रिसेंट के अनुसार, छह स्थानों पर 14 घायलों का उपचार किया गया। अन्य दो गांवों में कम से कम चार लोग घायल हुए।
