यूएई में करीब 50 व्यापारियों से करोड़ों की ठगी कर एक भारतीय वहां से निकला भाग
भारत भागने से पहले उसने व्यापारियों से पोस्ट डेटेड चेक पर 60 लाख दिरहम (16 लाख डॉलर) की खरीदारी की है।
दुबई, प्रेट्र। यूएई में करीब 50 व्यापारियों से 16 लाख डॉलर (लगभग 12 करोड़ रुपये) की ठगी कर एक भारतीय वहां से भाग निकला। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, वह हैदराबाद पहुंच गया है। दुबई में भारत के महावाणिज्य दूत विपुल ने पीड़ित व्यापारियों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है।
जालसाजी का आरोपित योगेश अशोक यारिआवा 11 मई को वंदे भारत अभियान के तहत भारतीयों को लेने गए विमान से अबूधाबी से हैदराबाद के लिए रवाना हुआ। गल्फ न्यूज के मुताबिक, यारिआवा जालसाज रॉयल लक फूडस्टफ ट्रेडिंग का मालिक है।
भारत भागने से पहले उसने व्यापारियों से पोस्ट डेटेड चेक पर 60 लाख दिरहम (16 लाख डॉलर) की खरीदारी की। उसने मॉस्क, हैंड सैनिटाइजर, मेडिकल ग्लव्स, चावल और मेवे के अलावा कई महंगे सामान खरीदे। जैसे-जैसे ठगी के शिकार लोग सामने आते गए सामान और राशि की सूची लंबी होती गई। पीड़ित व्यापारियों ने पुलिस में मामला दर्ज कराया है। व्यापारियों ने कहा कि जब चेक बाउंस होने लगे तब वे लोग दुबई में रॉयल लक के कार्यालय पहुंचे। लेकिन वहां शटर बंद मिले।
दुबई में काम दिलाने का झांसा देकर ठगे लाखो रुपये
वहीं, दूसरी ओर पंजाब में थाना सिटी नवांशहर पुलिस ने दुबई भेजने का झांसा देकर 1.26 लाख रुपये की ठगी करने के आरोप में एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस को दी शिकायत में गांव चूहड़पुर के रहने वाले सुखजिदर सिंह ने बताया कि दुबई जाने के लिए उसने नवांशहर निवासी गौरव कुमार को 1.26 लाख रुपये दिए थे। गौरव कुमार ने उससे वादा किया था कि दुबई जाने पर उसे पैकिग का काम दिलवाया जाएगा। वह एसी हाल में बैठकर सामान की पैकिग किया करेगा और वेतन भी बहुत अच्छा होगा।