ईरान में बड़ा विमान हादसा टला: आसमान में उड़ान के दौरान टूटी केबिन की छत, बाल-बाल बची यात्रियों की जान
ईरान की सेपेहरान एयरलाइंस के बोइंग 737 विमान में उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद टायर निकलने और इंजन ...और पढ़ें

ईरान में उड़ान के दौरान विमान का केबिन टूटा, यात्री दहशत में (फोटो- सोशल मीडिया)
HighLights
यह घटना मंगलवार को हुई, विमान मशहद से करमांशाह जा रहा था
तेज कंपन से केबिन की छत के कुछ हिस्से और ओवरहेड कंपार्टमेंट क्षतिग्रस्त हो गए
डिजिटल डेस्क, मशहद। ईरान की सेपेहरान एयरलाइंस के बोइंग 737 विमान में उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद टायर निकलने और इंजन में खराबी के कारण जोरदार कंपन शुरू हो गया। केबिन की छत टूट गई और सामान गिरने लगा जिससे यात्री घबरा गए। विमान ने आपातकालीन लैंडिंग की और सभी यात्री सुरक्षित रहे।
यह घटना मंगलवार को हुई। विमान मशहद से करमांशाह जा रहा था। टेकऑफ के तुरंत बाद एक पहिए का टायर निकल गया, जिससे इंजन में समस्या आई और विमान जोर-जोर से कांपने लगा। पायलट ने यात्रियों को इंजन की समस्या की जानकारी दी और विमान को वापस मशहद एयरपोर्ट की ओर मोड़ दिया।
केबिन में अफरा-तफरी
तेज कंपन से केबिन की छत के कुछ हिस्से और ओवरहेड कंपार्टमेंट क्षतिग्रस्त हो गए। सामान के बॉक्स खुल गए और यात्रियों का सामान गिरने लगा। कुछ सामान यात्रियों पर भी गिरा। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में यात्री डर से चिल्लाते और प्रार्थना करते दिख रहे हैं।
विमान सुरक्षित रूप से मशहद एयरपोर्ट पर लैंड हो गया। प्रारंभिक रिपोर्ट्स के अनुसार कोई यात्री घायल नहीं हुआ। यह सेपेहरान एयरलाइंस के विमान से मशहद एयरपोर्ट पर हाल का दूसरा घटनाक्रम बताया जा रहा है।
