जापान से स्वदेश लौटे अमेरिकी नागरिक: US दूतावास की सलाह
जापान में अपने देश के नागरिकों के लिए अमेरिकी दूतावास की ओर सलाह दी गई है कि वे जल्द से जल्द अपने देश लौट जाएं नहीं तो उन्हें अनिश्चितकाल के लिए वहीं रहना होगा।
टोक्यो, रायटर्स। जापान में कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए वहां रह रहे अपने नागरिकों के लिए अमेरिका ने शुक्रवार को आग्रह किया कि अब उन्हें वापस अपने देश लौट जाना चाहिए या फिर अनिश्चितकाल के लिए वहीं रहने की तैयारी कर लें। टोक्यो में अमेरिकी दूतावास ने अपनी वेबसाइट पर कहा, ‘यदि अमेरिकी नागरिक अपने देश अमेरिका वापस लौटना चाहते हैं तो उन्हें इसकी तैयारी अभी ही कर लेनी चाहिए।’
बृहस्पतिवार तक जापान में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या 1,314 थे। वहीं टोक्यो के योकोहोमा तट पर खड़ी डायमंड प्रिंसेस क्रूज पर भी 712 लोग संक्रमित हैं। देश के प्रधानमंत्री शिंजो एबी ने कोरोना वायरस से लड़ने के लिए टास्क फोर्स का गठन किया है। प्रधानमंत्री एबी के इस फैसले को आपात स्थिति घोषित करने की दिशा में एक प्रारंभिक कदम के रूप में देखा जा रहा है।
बता दें कि जापान की राजधानी टोक्यो सबसे अधिक प्रभावित है। टोक्यो में कोरोना वायरस के संक्रमित मरीजों का आंकड़ा बढ़ने के बाद प्रधानमंत्री शिंजो एबी ने राष्ट्रीय आपदा घोषित कर दिया था। साथ ही उन्होंने देश में इस मामले को लेकर इमर्जेंसी की आवश्यकता से इनकार कर दिया। जापान सरकार के शीर्ष प्रवक्ता योशीहिदे सुगा ने एक नियमित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि फिलहाल जापान ऐसी स्थिति में नहीं है जहां उसे आपातकाल लगाने की आवश्यकता पड़े। विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार, जापान में अब तक संक्रमण के कुल मामले 2,617 हैं। इस मामले में मृतकों की संख्या 65 है।