जापान के एक बगीचे से 400 साल पुराना बेशकीमती बोनसाई पेड़ चोरी
जापान की राजधानी टोक्यो के करीब स्थित सैतामा इलाके के एक बगीचे से 400 साल पुराने बोनसाई पेड़ के साथ सात अन्य दुर्लभ पेड़ चोरी कर लिए गए।
टोक्यो, आइएएनएस। जापान की राजधानी टोक्यो के करीब स्थित सैतामा इलाके के एक बगीचे से 400 साल पुराने बोनसाई पेड़ के साथ सात अन्य दुर्लभ पेड़ चोरी कर लिए गए। इन सबकी कीमत एक लाख 18 हजार डॉलर (करीब 83 लाख रुपये) थी। सजावट में इस्तेमाल होने वाले शिंपाकू के 400 साल पुराने बोनसाई को इस महीने एक प्रतियोगिता में रखा जाना था। इसकी कीमत 90 हजार डॉलर (करीब 63 लाख रुपये) थी।
पूर्वी एशिया खासकर जापान में विशेष तकनीक का इस्तेमाल कर बोनसाई तैयार किए जाते हैं। ये असल पेड़ों जैसे ही दिखते हैं, लेकिन उनका आकार कई गुना छोटा होता है।
इन बोनसाई की देखरेख करने वाले सिजी इमुरा की पत्नी फुयुमी ने चोरों से अपील की है कि वे नियमित रूप से उन्हें पानी देते रहें। उनका कहना है कि बिना पानी के बोनसाई एक हफ्ते भी नहीं बच पाएंगे।
फुयुमी ने कहा, 'हम उनका अपने बच्चों की तरह ध्यान रखते थे। उनके ना होने से ऐसा लग रहा है जैसे हमारा कोई अंग कट गया।' उन्होंने यह भी कहा कि चोर पेशेवर थे तभी उन्होंने तीन हजार पौधों में से सबसे कीमती बोनसाई चुराए।