जापानी महिला को मिला सबसे अधिक उम्र के जीवित व्यक्ति का खिताब
जापान की केन तनाका को गिनीज बुक अॉफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स ने विश्व की सबसे वृद्ध जीवित व्यक्ति के खिताब से सम्मानित किया है।
टोक्यो, प्रेट्र : 116 साल की जापानी महिला को शनिवार को गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स द्वारा दुनिया के सबसे बुजुर्ग जीवित व्यक्ति के रूप में सम्मानित किया गया है। बोर्ड गेम ओथेलो खेलने की शौकीन केन तनाका को नर्सिग होम में एक समारोह में सम्मानित किया गया। वह जापान के दक्षिण-पश्चिम में फुकुओका शहर में रहती हैं। जश्न के दौरान महापौर और उनके परिवार के लोग मौजूद थे।
तनाका का जन्म 2 जनवरी 1903 को हुआ था। वह अपने माता-पिता की आठ संतानों में से सातवीं थीं। उन्होंने 1922 में हिदेओ तनाका से शादी की थी। उनके चार बच्चे थे। उन्होंने एक बच्चे को गोद भी लिया था। वह सुबह छह बजे उठ जाती हैं। उन्हें गणित पसंद है।
इससे पहले भी सबसे अधिक उम्र के जीवित व्यक्ति का खिताब जापानी महिला चियोओ मियाको के नाम पर था। उनका पिछले साल जुलाई में 117 वर्ष की आयु में निधन हो गया था। मियाको से पहले भी सबसे अधिक उम्र के जीवित व्यक्ति का खिताब एक जापानी के नाम पर ही था। देखने वाली बात यह होगी क्या तनाका फ्रांस की महिला जीन लुइस कालमेंट का रिकॉर्ड तोड़ पाएंगी, जो 122 साल तक जीवित रही थीं। दुनिया के सबसे बूढ़े पुरुष के बारे में पूछे जाने पर गिनीज ने कहा कि उसकी खोज जारी है। बता दें कि दुनिया के सबसे बूढ़े पुरुष जापान के मसाओ नोनाका का इसी साल जनवरी में 113 साल की उम्र में निधन हो गया था।