जी 7 में दक्षिण कोरिया को शामिल करने के अमेरिका के प्रस्ताव पर जापान ने जताई आपत्ति
जापान ने जी 7 में दक्षिण कोरिया को शामिल करने के अमेरिकी प्रस्ताव पर आपत्ति जताई है।
टोक्यो, एएनआइ। जापान ने जी 7 में दक्षिण कोरिया को शामिल करने के अमेरिकी प्रस्ताव पर आपत्ति जताई है। उसका कहना है कि चीन और उत्तर कोरिया से संबंधित अहम मुद्दों पर दक्षिण कोरिया, जी 7 के देशों से अलग राय रखता है। राजनयिक सूत्रों का हवाला देते हुए जापान की न्यूज एजेंसी क्योदो ने इसकी पुष्टि की है। ज्ञात हो कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पिछले महीने भारत समेत रूस, ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण कोरिया को इस साल के जी 7 शिखर सम्मेलन में शामिल करने का प्रस्ताव दिया था।
कोरेाना महामारी के चलते सितंबर में आयोजित होगा जी- 7
उन्होंने जी 7 को पुराना करार देते हुए वर्तमान वैश्विक परिदृश्य के अनुरूप होने की बात कही थी।विश्व की सात बड़ी अर्थव्यवस्था के इस समूह में अमेरिका, ब्रिटेन, जापान, कनाडा, जर्मनी, फ्रांस और इटली पहले से ही शामिल हैं। इनमें एशिया महाद्वीप से जापान एक मात्र देश है। न्यूज एजेंसी के मुताबिक, इस विशेष दर्जे को जापान खोना नहीं चाहता है। इस वर्ष का जी 7 शिखर सम्मेलन इसी माह होने वाला था, लेकिन कोरोना महामारी के चलते अब इसे सितंबर में आयोजित किया जाएगा।
जापान ने भारतीय नौसेना संग किया युद्धाभ्यास
चीन से बढ़ते खतरे के मद्देनजर भारतीय और जापानी नौसेना ने हिंद महासागर में संयुक्त युद्धाभ्यास किया। इस बारे में जापानी नौसेना ने ट्वीट किया कि 27 जून को जापान मैरिटाइम सेल्फ डिफेंस फोर्स के जेएस काशिमा (JS KASHIMA) और जेएस शिमायूकी (JS SHIMAYUKI) ने भारतीय नौसेना के आईएनएस राणा और आईएनएस कुलीश के साथ हिंद महासागर में एक अभ्यास किया। इससे जापान मैरिटाइम सेल्फ डिफेंस फोर्स ने भारतीय नौसेना के साथ सहयोग बढ़ाया।
पिछले दिनों जापान की युद्धपोत ने खदेड़ी थी चीनी पनडुब्बी
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, जापानी विध्वंसक युद्धपोत कागा ने पिछले दिनों दक्षिणी जापान में ओकिनावा द्वीप के पास एक चीनी पनडुब्बी के बारे में जानकारी हासिल की। जापान की नौसेना ने पेट्रोलिंग एयरक्राफ्ट की मदद से चीनी पनडुब्बी को अपने जलक्षेत्र से बाहर खदेड़ा। ज्ञात हो कि बता दें कि 2018 में भी जापान ने अपनी जलसीमा में एक चीनी पनडुब्बी को पकड़ा था।