जापान की राजधानी टोक्यो में 366 नए कोरोना के मामले दर्ज किए गए, कुल आंकड़ा 10, 420
टोक्यो गवर्नर यूरिको कोइके ने निवासियों से कहा कि वे लंबे लॉकडाउन के दौरान जितना संभव हो सके घर में रहें और गैर-जरूरी यात्राएं करने से बचें।
टोक्यो, एपी। जापान में चार दिनों का लॉकडाउन चल रहा है। इस बीच टोक्यो में रिकॉर्ड 366 नए कोरोना वायरस के मामले सामने आए हैं। इनमें बाहर से घूमने आए लोग शामिल है। महामारी को लेकर आपातकाल समाप्त होने के बाद मई में टोक्यो में कोरोना के मामलों की संख्या घट गई थी, लेकिन जून के अंत से संक्रमणों ने एक बार फिर जगह बनाई। जुलाई के पहले तीन हफ्तों में संख्या तीन गुना हो गई। टोक्यो में अब 327 मौतों के साथ 10,420 पुष्ट मामले हैं।
टोक्यो गवर्नर यूरिको कोइके ने निवासियों से कहा कि वे लंबे लॉकडाउन के दौरान जितना संभव हो सके घर में रहें और गैर-जरूरी यात्राएं करने से बचें। कोरोना वायरस रोगियों के लिए 1,000 बेड आवंटित करने वाले टोक्यो ने अस्पतालों को 2,800 तक बेड तैयार करने को कहा है। कोइके ने कहा कि शहर में बीमार रोगियों के लिए होटल के कमरों में व्यवस्था करने की प्रकिया चल रही है।
बता दें कि वैश्विक महामारी कोरोना वायरस हर दिन के साथ बढ़ती जा रही है। दुनियाभर में इस वायरस से अब तक 1.52 करोड़ से अधिक लोग प्रभावित हो चुके हैं और 6 लाख 23 हजार 443 लोगों की मौत हो चुकी है। कोविड-19 के संक्रमितों के मामले में अमेरिका दुनिया भर में पहले, ब्राजील दूसरे और भारत तीसरे स्थान पर है। वहीं इस महामारी से हुई मौतों के आंकड़ों के मामले में अमेरिका पहले, ब्राजील दूसरे और ब्रिटेन तीसरे स्थान पर है जबकि भारत मृतकों की संख्या के मामले में आठवें स्थान पर है।
अमेरिका की जॉन हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के विज्ञान एवं इंजीनियरिंग केंद्र (सीएसएसई) की तरफ से जारी आंकड़ों के अनुसार दुनिया भर में कोरोना संक्रमितों की संख्या 1 करोड़ 52 लाख 30 हजार 561 हो गई है जबकि अब तक इस महामारी के कारण 6,23,443 लोगों ने जान गंवाई है। अमेरिका में कोरोना से अब तक 39,70,906 लोग संक्रमित हो चुके हैं तथा 1,43,190 लोगों की मौत हो चुकी है। ब्राजील में अब तक 2,22,7514 लोग इसकी चपेट में आ चुके हैं जबकि 82,771 लोगों की मौत हो चुकी है।