रोबोट ने दिलाई बर्तन धोने के झंझट से मुक्ति, मात्र 3 सेकेंड में साफ होगी प्लेट
कुरू सारा वॉश दिखने में बहुत साधारण-सा लगता है, लेकिन यह बहुत सफाई से अपने काम को अंजाम देता है। यह मिनटों में प्लेट और बाउल्स को सफाई से धो देता है।
टोक्यो, जेएनएन। खाना खाने के बाद गंदे बर्तन धोना कुछ लोगों को आफत से कम नहीं लगता है। अगर आपको भी हाथों से बर्तन धोना अच्छा नहीं लगता, तो परेशान होने की जरूरत नहीं है। अब एक रोबोट आपके गंदे बर्तनों को धोएगा। बर्तन धोने वाला ये रोबोट जापान की एक कंपनी ने तैयार किया है। इसे स्क्रबिंग रोबोट के नाम से पुकारा जाता है, हालांकि कंपनी ने इसे 'कुरू सारा वॉश' नाम दिया है।
कुरू सारा वॉश दिखने में बहुत साधारण-सा लगता है, लेकिन यह बहुत सफाई से अपने काम को अंजाम देता है। यह मिनटों में प्लेट और बाउल्स को सफाई से धो देता है। आपको सिर्फ इसके खांचे में बर्तन को फंसाने की जरूरत है। इसके बाद बटन दबाते ही प्लेट या बाउल रोल होने लगते हैं। इसके ब्रिसल्स गंदगी और चिकनाई को पूरी तरह हटा देते हैं। इसे बेचने वाली साइट थांको के मुताबिक इस डिवाइस से समय तो बचता ही है, साथ ही हाथ भी सुरक्षित रहते हैं। जापान में इसकी कीमत 5300 रुपये रखी गई है।
कंपनी का कहना है कि कुरू सारा वॉश रोबोटिक लिंब बैटरी से चलता है। बैटरी से चलता है। बैटरी रिचार्ज की जा सकती है। इसके एक कंपार्टमेंट में साबुन डालना होता है। कंपनी का दावा है कि ये रोबोट एक बाउल व प्लेट धोने में सिर्फ 3 से 10 सेकेंड लगाता है।