जापान की सैन्य सुरक्षा में सेंध लगाने की चीनी साजिश आई सामने, जांच हुई तेज
चीन लंबे समय से जापानी सैन्य सुरक्षा में सेंध लगाने और जासूसी के पुख्ता इंतजाम करने की नियोजित तैयारी कर रहा है। इसके लिए चीन की वित्तपोषित संस्थाएं सैन्य अड्डों के आसपास जमीनों की खरीद कर रही हैं।
टोक्यो, एएनआइ। चीन लंबे समय से जापानी सैन्य सुरक्षा में सेंध लगाने और जासूसी के पुख्ता इंतजाम करने की नियोजित तैयारी कर रहा है। इसके लिए चीन की वित्तपोषित संस्थाएं सैन्य अड्डों के आसपास जमीनों की खरीद कर रही हैं। एक रिपोर्ट के अनुसार जापानी सरकार को ऐसे जमीन के सात सौ लेन-देने के मामले मिले हैं, जो संदिग्ध हैं। इनकी अब गहराई से जांच की जा रही है।
जापान के एपल डेली में प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार निवेश और खरीदारी चीन के द्वारा संचालित विदेशी निगमों के द्वारा की जा रही है। जापानी अधिकारियों को उस समय ये चौंकाने वाली जानकारी मिलीं, जब पिछले वर्ष उन्होंने सैन्य अड्डों के आसपास की जमीनों के दस्तावेजों की छानबीन की। जांच भी शुरूआती दौर में फैली कुछ अफवाहों के बाद शुरू हुई। अब पूरी स्थिति साफ हो रही है। यही नहीं चीन जापान के द्वीपों के आसपास भी इसी साजिश के तहत काम कर रहा है। रिपोर्ट के अनुसार जापानी अधिकारियों ने जांच में पाया है कि खरीदी गई जमीन या जमीन खरीदने की योजना अधिकांश ऐसे स्थानों पर ही हैं, जहां जापान के सेल्फ डिफेंस फोर्स, यूनाइटेड स्टेट्स आर्मी, जापान कोस्ट गार्ड या अमेरिकी सैन्य अड्डे हैं।
इन स्थानों से मनोरम दृश्य दिखाई देने के साथ ही जापान और अमेरिका की सेनाओं की गतिविधियों पर पूरी नजर रखी जा सकती है।रिपोर्ट के अनुसार एक ख्ररीदार ने कनागावा में अमेरिकी सैन्य अड्डे पास जमीन ली है। उसके बीजिंग से संबंध होने की पुष्टि हुई है। वह इस क्षेत्र में ऊंची इमारतों का भी मालिक है और वहां से पूरी निगरानी की जा सकती है। इस मामले पर अमेरिका ने भी चिंता जताई थी।