इंडोनेशिया: भूकंप के बाद सुनामी का कहर, अब तक दो हजार लोगों के शव बरामद
भूकंप के बाद पालू से अब तक लगभग दो हजार लोगों के शव को बरामद किया जा चुका है।
पालू, एएफपी। इंडोनेशिया में भूकंप के बाद आई सुनामी के कहर ने हजारों लोगों की जान ले ली है। इस आपदा के कारण मृतकों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। भूकंप के बाद पालू से अब तक लगभग दो हजार लोगों के शव को बरामद किया जा चुका है। एक अधिकारी के मुताबिक, हजारों लापता लोगों के साथ मृतकों की संख्या अभी और बढ़ सकती है।
अब महामारी का खतरा
इंडोनेशिया के सुलावेसी द्वीप में भूकंप और सुनामी के बाद महामारी फैलने का खतरा मंडरा रहा है। आपदा के कारण ढही इमारतों और घरों के मलबे में दबे शव धीरे-धीरे सड़ने लगे हैं। इसी को देखते हुए बचावकर्ताओं ने महामारी फैलने के खतरे की चेतावनी दी है।
कीचड़ और मलबे में दबे ज्यादातर शव क्षत-विक्षत हैं। उनसे संक्रमण का खतरा हो सकता है। शवों को बाहर निकाल रहे राहत कर्मियों को बीमारियों से बचाने के लिए टीका भी लगाया गया है। इसके बावजूद उन्हें अत्यधिक सावधानी बरतने के लिए कहा गया है।