COVID-19: जकार्ता में 22 मई तक बढ़ाई गई लॉकडाउन की अवधि
कोविड-19 मामलों में कमी न देखते हुए जकार्ता में लॉकडाउन की अवधि को बढ़ाकर 22 मई तक कर दिया गया है।
बैंकॉक, एपी। कोविड-19 महामारी को फैलने से रोकने के लिए दुनिया के तमाम देशों में लॉकडाउन लागू है। इंडोनेशिया की राजधानी में लॉकडाउन के तहत प्रतिबंधों को बढ़ाकर 22 मई तक कर दिया गया। मुस्लिम बहुल देश इंडोनेशिया में रमजान को लेकर तैयारियां होनी है। जकार्ता सरकार अनीस बसवेदान (Anies Baswedan) ने कहा कि गुरुवार को खत्म होने वाले प्रतिबंधों की अवधि बढ़ा दी गई है अब यह प्रतिबंध 22 मई तक जारी रहेंगे। बुधवार देर शाम को एक न्यूज कांफ्रेंस में बासवेदान ने मुस्लिमों से आग्रह किया कि वे रमजान के दौरान मस्जिद जाने वाली गतिविधियों पर रोक लगा दें और नॉवेल कोरोना वायरस के संक्रमण को लेकर एहतियात बरतें।
चांद दिखने के बाद इस्लाम का पवित्र महीना शुक्रवार से शुरू होने की उम्मीद है। इस महीने में मुस्लिम श्रद्धालु उपवास रखते हैं और रात की नमाज तारावीह (Tarawih) अदा करते हैं। इसके अलावा इस उपवास को खोलने के बाद साथ मिलकर इफ्तार करते हैं। देश के राष्ट्रपति जोको विदोदो (Joko Widodo) ने स्वीकार किया कि पिछले माह सरकार ने कोरोना वायरस से जुड़ी जानकारियों को प्रसारित करने पर रोक लगाई थी कहीं इससे जनता पैनिक न हो जाए। लेकिन शारीरिक दूरी व जांच की दरों में कमी की वजह से यह महामारी फैलती चली गई।
जकार्ता में बुधवार तक कुल 3,383 संक्रमित मामलों की पुष्टि हुई जिसमें से 301 लोगों की मौत हो चुकी है। देश भर में 7,418 संक्रमित मामले हैं वहीं मौत का आंकड़ा 635 है।
जकार्ता में हर दो हफ्ते पर हालात का आकलन किया जाता है। साथ ही यहां की पुलिस व प्राधिकरणों को इतना अधिकार है कि वे लोगों को घरों के भीतर रहने व बिजनेसों को बंद रखने का सख्त आदेश दे सकते हैं। किसी भी इवेंट या पांच से अधिक लोगों के समूह पर रोक लगाने का अधिकार यहां की पुलिस को है। लॉकडाउन व शारीरिक दूरी के साथ ही सरकार द्वारा लागू किए गए नियमों की अवमानना करने पर उल्लंघनकर्ताओं को एक साल की जेल व जुर्माना भी देना पड़ सकता है।