विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Indonesian Plane Crash: सुलावेसी में मिला टर्बोप्रॉप प्लेन का मलबा, 11 लोग अब भी लापता; बचाव अभियान तेज

Published: Sun, 18 Jan 2026 04:06 PM (IST)

इंडोनेशिया के पूर्वी क्षेत्र में लापता हुए टर्बोप्रॉप विमान का मलबा बचाव दल को रविवार को मिला। यह विमान शनिवार ...और पढ़ें

इंडोनेशिया में लापता टर्बोप्रॉप विमान का मलबा मिला। (फोटो क्रेडिट - फाइल फोटो टर्बोप्रॉप विमान, रायटर्स )

इंडोनेशिया में लापता टर्बोप्रॉप विमान का मलबा मिला। (फोटो क्रेडिट - फाइल फोटो टर्बोप्रॉप विमान, रायटर्स )

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। इंडोनेशिया के पूर्वी क्षेत्र में रविवार को बचाव दल को टर्बोप्रॉप विमान का मलबा मिला, जो शनिवार को लापता हो गया था।

इस विमान में सवार 11 लोगों का अब तक कोई सुराग नहीं मिला है। इंडोनेशियाई एयर ट्रांसपोर्ट का यह विमान योग्याकार्ता से दक्षिण सुलावेसी की राजधानी मकासर की ओर जा रहा था।

शनिवार दोपहर में एयर ट्रैफिक कंट्रोल से उसका संपर्क टूट गया। स्थानीय समयानुसार करीब 1 बजे के आसपास संपर्क पूरी तरह खत्म होने के बाद, अधिकारियों ने खोज अभियान शुरू कर दिया।

बचाव अभियान में आ रही दिक्कतें 

मकासर सर्च एंड रेस्क्यू एजेंसी के प्रमुख मुहम्मद आरिफ अनवर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि बचाव टीम ने विमान के कुछ हिस्सों को बरामद किया है, जिनमें फ्यूजलेज, टेल सेक्शन और खिड़कियां शामिल हैं।

AFP की रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने कहा कि बचाव दल लापता यात्रियों और चालक दल की तलाश में जुटी हुई हैं।

आरिफ ने कहा, 'हमारी मौजूदा प्राथमिकता पीड़ितों का पता लगाना है और हमें उम्मीद है कि कुछ ऐसे लोग अभी भी होंगे जिन्हें हम सुरक्षित हालत में निकाल सकें।'

उन्होंने आगे कहा कि सर्च में मदद के लिए एक हवाई बचाव दल को भी तैनात किया गया है। अधिकारियों के अनुसार, विमान मकासर शहर के पास पहाड़ी क्षेत्र में स्थित बान्टिमुरुंग-बुलुसाराउंग नेशनल पार्क के माउंट बुलुसाराउंग से टकराया था।

कम विजिबिलिटी सबसे बड़ी परेशानी 

इस इलाके की जटिल भौगोलिक संरचना और कम विजिबिलिटी ने बचाव कार्य को कठिन बना दिया है। स्थानीय सैन्य प्रमुख बंगुन नवाको ने पत्रकारों से कहा कि अभियान में कठिन इलाका और घना कोहरा बाधा बन रहा है।

उन्होंने कहा, 'ये हालात जमीन पर मूवमेंट को धीमा कर रहे हैं और आसमान से देखने की क्षमता को सीमित कर रहे हैं।' इस ऑपरेशन में 1,000 से अधिक लोग शामिल हैं, जिसमें वायु सेना, पुलिस, खोज और बचाव एजेंसियां और स्थानीय स्वयंसेवक भी हैं।

विमान की अंतिम लोकेशन के पास मारोस रीजेंसी में हेलीकॉप्टर, ड्रोन और जमीनी टीमों को तैनात किया गया है। विभिन्न एजेंसियां मिलकर कठिन क्षेत्रों को कवर कर रही हैं।

11 लोग अब भी लापता 

बता दें इस विमान में कुल 11 लोग सवार थे, जिसमें सात चालक दल के सदस्य और समुद्री मामलों एवं मत्स्य पालन मंत्रालय के तीन सरकारी अधिकारी शामिल थे। मंत्री शक्ति वाह्यू ट्रेंगोनो ने कहा कि ये अधिकारी सरकारी काम के लिए यात्रा कर रहे थे।

ट्रेंगोनो ने कहा, 'वे इलाके में संसाधनों की हवाई निगरानी करने के मिशन पर थे।' विमान निर्माता कंपनी ATR ने बयान जारी कर कहा कि उन्हें अपने एक विमान से जुड़े एक हादसे की जानकारी मिली है और वे बचाव कार्य में सहयोग कर रही हैं।

कंपनी ने कहा, 'ATR के विशेषज्ञ इंडोनेशियाई अधिकारियों और ऑपरेटर द्वारा की जा रही जांच में पूरी तरह से मदद कर रहे हैं।'

लगातार हो रहीं विमान दुर्घटनाएं

इंडोनेशिया 17,000 से अधिक द्वीपों का एक बड़ा द्वीपसमूह है. दूर-दराज के क्षेत्रों को जोड़ने के लिए हवाई यातायात पर अधिक निर्भर है। हालांकि, हाल के वर्षों में देश को विमानन सुरक्षा से जुड़ी कई समस्याओं का सामना करना पड़ा है, जिसमें विमान और हेलीकॉप्टर दुर्घटनाओं में कई जानें गई हैं।

पिछले साल सितंबर में दक्षिण कालीमंतन से उड़ान भरते ही एक हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिसमें छह यात्री और दो चालक दल के सदस्यों की मौत हो गई थी।

इसके दो सप्ताह से कम समय बाद, पापुआ के इलगा जिले में एक अन्य हेलीकॉप्टर हादसे में चार लोगों की जान चली गई।