विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 03, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Indonesia Oil Depot Fire: इंडोनेशिया में तेल डिपो में लगी भीषण आग, 17 की मौत; हजारों लोगों की निकासी

By AgencyEdited By: Devshanker Chovdhary
Published: Fri, 03 Mar 2023 11:16 PM (IST)Updated: Sat, 04 Mar 2023 06:37 AM (IST)

Indonesia Oil Depot Fire इंडोनेशिया की राजधानी में शुक्रवार को एक ईंधन भंडारण डिपो में भीषण आग लग गई जिसमें ...और पढ़ें

इंडोनेशिया में तेल डिपो में लगी भीषण आग।
इंडोनेशिया में तेल डिपो में लगी भीषण आग।

जकार्ता, एपी। इंडोनेशिया की राजधानी में शुक्रवार को एक ईंधन भंडारण डिपो में भीषण आग लग गई, जिसमें कम से कम 17 लोगों की मौत हो गई। वहीं, इस घटना में दर्जनों लोग घायल हो गए। आग लगने के बाद आस-पास के हजारों निवासियों को यहां से मजबूरन निकालना पड़ा। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

ईंधन जरूरतों का 25 प्रतिशत आपूर्ति करता है डिपो

जानकारी के अनुसार, राज्य द्वारा संचालित तेल और गैस कंपनी पर्टामिना द्वारा संचालित ईंधन भंडारण स्टेशन, उत्तरी जकार्ता में तनाह मेराह पड़ोस में घनी आबादी वाले क्षेत्र के पास है। यह इंडोनेशिया की ईंधन जरूरतों का 25 प्रतिशत आपूर्ति करता है।

सैकड़ों दमकलकर्मी घटनास्थल पर मौजूद

अग्निशमन अधिकारियों ने कहा कि कम से कम 180 दमकलकर्मी और 37 दमकल गाड़ियां आग पर काबू पाने के लिए मौके पर मौजूद हैं।

स्थानीय टीवी चैनलों पर दिखाए जा रहे घटना के वीडियो में सैकड़ों लोग दहशत में भागते दिख रहे हैं। वहीं, काले धुएं और आग के घने गुबार पूरे आसमान में देखे गए। जानकारी के मुताबिक, दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पा लिया। पर्टामिना के एरिया मैनेजर एको क्रिस्टियावान ने कहा कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि भारी बारिश के दौरान एक पाइपलाइन फटने से आग लगी।

आग से ईंधन आपूर्ति नहीं होगी बाधित

अधिकारियों ने कहा कि आग देश की ईंधन आपूर्ति को बाधित नहीं करेगी। जकार्ता के अग्निशमन और बचाव विभाग के प्रमुख सतरियादी गुनवान ने कहा कि आवासीय क्षेत्र में रहने वाले लोगों को अभी भी निकाला जा रहा है और उन्हें पास के एक गांव के हॉल और एक मस्जिद में ले जाया जा रहा है।

घटना में 17 लोगों की मौत

गुनवन ने कहा, 'आग से कई विस्फोट हुए और यह तेजी से रिहायशी घरों में फैल गई।' घटनास्थल का दौरा करने वाले सेना प्रमुख जनरल डुडुंग अब्दुरचमन ने कहा कि कम से कम 17 लोग मारे गए हैं और 42 को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें से कुछ गंभीर रूप से झुलसे हुए हैं।