इंडोनेशिया के जिले में पुरुषों और महिलाओं के साथ खाने पर पाबंदी
एक सरकारी अधिकारी ने इस कदम का बचाव करते हुए कहा कि इससे महिलाएं अधिक शिष्ट होंगी।
जकार्ता, [एएफपी]। इंडोनेशिया के असेह प्रांत के एक जिले में महिलाओं और पुरुषों के साथ खाने पर पाबंदी लगा दी गई है। महिलाएं केवल अपने पति या करीबी रिश्तेदार के साथ ही रेस्तरां में खा सकती हैं। लंच या डिनर के वक्त उनका अपने सहकर्मियों के साथ खाना भी निषिद्ध कर दिया गया है। एक सरकारी अधिकारी ने इस कदम का बचाव करते हुए कहा कि इससे महिलाएं अधिक शिष्ट होंगी।
असेह इस्लामिक कानून लागू करने वाला देश का एक मात्र प्रांत है। महिलाओं पर पहले भी पाबंदियां लगाए जाने को लेकर यहां का प्रशासन आलोचनाओं के घेरे में रहा है। प्रांत के बिरुएन जिले में लागू किए गए नए नियम के अनुसार अकेली महिला को रात नौ बजे के बाद किसी रेस्तरां या कैफे में सेवाएं नहीं दी जा सकतीं।
अधिकारियों के मुताबिक इस नियम का क्रियान्वयन रेस्तरां मालिकों के हाथ में है। नियम तोड़ने वालों के लिए अभी सजा का प्रावधान नहीं किया गया है। स्थानीय शरई एजेंसी के प्रमुख ने कहा, 'इस कदम का लक्ष्य महिलाओं के सम्मान की सुरक्षा करना है ताकि वह अधिक आराम महसूस करें।
इससे वह सभ्य भी होंगी और किसी भी शरई कानून का उल्लंघन नहीं करेंगी।' तीन साल पहले प्रांतीय राजधानी में 11 बजे के बाद महिलाओं के कैफे या स्पोर्ट्स हॉल में जाने पर रोक लगा दी गई थी। 2013 में प्रांत के एक अन्य शहर में बाइक पर महिलाओं को दोनों तरफ पैर करके बैठने से रोक दिया गया था।