COVID-19: कोरोना हेल्मेट पहुंच गया इंडोनेशिया, लोगों को जागरुक कर रही पुलिस
हाल में ही चेन्नई पुलिस ने कोरोना हेल्मेट पहना था और आज इंडोनेशियाई पुलिस ऐसा ही हेल्मेट पहन जागरुकता फैलाती दिख रही है।
जकार्ता, एएफपी। इंडोनेशिया के मोजोकेर्तो में कोरोना वायरस को लेकर लोगों में जागरुकता फैलाने का काम जारी है। इस क्रम में शुक्रवार को वहां के पुलिस ऑफिसर भारत से प्रेरित दिखे। दरअसल, पुलिस के जवानों ने कोराना वायरस थीम का हेल्मेट पहन एक कैंपेन किया साथ ही वे वाहनों को भी साफ करते दिखे। हेल्मेट का यह आइडिया 6 दिन पहले तमिलनाडु में चेन्नई की पुलिस ने अपनाया था जो अब इंडोनेशिया पहुंच गया है।उल्लेखनीय है कि चेन्नई के एक आर्टिस्ट ने कोरोना हेल्मेट को तैयार किया। लॉकडाउन के दौरान 24 घंटे सेवा दे रही पुलिस इसे पहन लोगों को जागरुक करती दिखी।
कोरोना वायरस के कारण मृत्यु का सिलसिला बढ़ता जा रहा है। हालात को देखते हुए राष्ट्रपति जोको विदोदो ने बीते मंगलवार को इंडोनेशिया में इमर्जेंसी की घोषणा की। हालांकि यहां देश भर में लॉकडाउन नहीं है। देश की राजधानी जकार्ता व अन्य प्रमुख शहरों की आबादी करीब तीन करोड़ है। यहीं इस घातक संक्रमण के अधिक मामले आए हैं। साथ ही राष्ट्रपति ने सोशल डिस्टेंसिंग पर जोर देते हुए सख्ती से पालन करने को कहा है। उन्होंने मजदूरों के लिए रिलीफ फंड की भी घोषणा की।
उन्होंने कहा, 'कोविड-19 से निपटने के लिए हमने सोशल डिस्टेंसिंग का फैसला लिया है। दूसरे देशों से सीख लेते लेते हुए हमें काम करना होगा।