विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चौथे कार्यकाल की तैयारी में चिनफिंग, भ्रष्टाचार के खिलाफ और सख्ती के संकेत

Published: Mon, 26 Oct 2026 10:41 PM (IST)

चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग अपने चौथे कार्यकाल की तैयारी में जुटे हैं और भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान को और तेज कर रहे हैं।

चौथे कार्यकाल की तैयारी में चिनफिंग। (रॉयटर्स)

चौथे कार्यकाल की तैयारी में चिनफिंग। (रॉयटर्स)

HighLights

  1. शी चिनफिंग चौथे कार्यकाल की तैयारी में भ्रष्टाचार अभियान तेज कर रहे हैं।

  2. पार्टी में निष्ठाहीन और उदासीन अधिकारियों पर कठोर कार्रवाई जारी है।

  3. 2027 की कांग्रेस से पहले शी अपनी पकड़ मजबूत कर रहे हैं।

डिजिटल डेस्क, बीजिंग। चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग पार्टी और सरकार पर अपनी पकड़ मजबूत करने के साथ अगले कार्यकाल की तैयारी में जुटे हैं। भ्रष्टाचार के खिलाफ उनका अभियान लगातार जारी है। उनका कहना है कि पार्टी में अब भी ऐसे अधिकारी हैं, जो निष्ठाहीन और उदासीन हैं। ऐसे लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जरूरत बनी हुई है।

इस महीने दक्षिण-पश्चिम चीन के चोंगकिंग शहर के पूर्व महापौर हुआंग किफान के खिलाफ जांच की घोषणा ने इस अभियान की सख्ती को फिर चर्चा में ला दिया। पद छोड़ने के बाद भी प्रभावशाली बने रहे हुआंग उन कई अधिकारियों की कार्रवाई से बच निकले थे, जिनके अधीन उन्होंने काम किया था।

2027 की कांग्रेस पर नजर

चीन की कम्युनिस्ट पार्टी की शीर्ष केंद्रीय समिति की बैठक में अधिकारियों की निगरानी और अनुशासन से जुड़े कड़े नियमों पर विचार होने की संभावना है। पार्टी की अगली कांग्रेस 2027 के अंत में होनी है। हर पांच साल में होने वाली इस बैठक में नेतृत्व और संगठन के महत्वपूर्ण फैसले किए जाते हैं। शी को इस दौरान अपने साथ काम करने के लिए नई पीढ़ी के अधिकारियों की टीम भी तैयार करनी होगी।

एशिया सोसाइटी पालिसी इंस्टीट्यूट के वरिष्ठ फेलो नील थामस के अनुसार, शी के अगले कार्यकाल की संभावनाएं मजबूत हैं। इसकी वजह उनका प्रभाव और किसी स्पष्ट उत्तराधिकारी का सामने नहीं होना है।

अधिकारियों पर कार्रवाई तेज

2022 में गठित केंद्रीय समिति में 376 सदस्य थे। बाद में भ्रष्टाचार संबंधी जांच और अनुशासनात्मक कार्रवाइयों के चलते समिति के कई सदस्य प्रभावित हुए। उपलब्ध रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले साल की बैठक में 315 अधिकारी मौजूद थे और इस बार संख्या और घटने की आशंका जताई गई है।

शी ने अपने भाषणों में कुछ अधिकारियों पर वफादारी का दिखावा करने और पार्टी के हितों के खिलाफ काम करने का आरोप लगाया है। उन्होंने ऐसे अधिकारियों की तुलना बीमार पेड़ों से करते हुए उनकी कटाई-छंटाई को जरूरी बताया।

आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, 2023 में प्रांतीय या मंत्री स्तर के 49 अधिकारियों और काउंटी स्तर के 24 हजार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई हुई थी। 2025 में ये आंकड़े क्रमशः 69 और 35 हजार रहे। चीन की सेना के वरिष्ठ अधिकारी झांग यूशिया के खिलाफ भी भ्रष्टाचार और निष्ठाहीनता के आरोपों में जांच की गई।

चिनफिंग इस अभियान को पार्टी की ‘आत्म-क्रांति’ बताते हैं। हालांकि, भ्रष्टाचार पर कार्रवाई के साथ-साथ यह अभियान पार्टी के भीतर उनके नियंत्रण और अधिकारियों की जवाबदेही को लेकर भी अहम माना जा रहा है।