अपने सामान की सिक्योरिटी जांच नहीं आई रास तो महिला खुद ही घुस गई X-RAY मशीन में
लेकिन जब सुरक्षा कर्मचारी ने उसे बताया कि उसके हैंडबैग को भी स्कैनर जांच से होकर गुजरना पड़ेगा तो उसे ये बात पसंद नहीं आई।
दक्षिण चीन (एजेंसी)। दक्षिणी चीन के डोंग्वान रेलवे स्टेशन पर उस समय लोग चकित रह गए जब उन्होंने एक महिला को सिक्योरिटी स्कैनर के अंदर घुसते हुए देखा। दरअसल महिला ने स्कैनर के अंदर जांच के लिए अपने हैंडबैग को डाला था लेकिन उसे वहां मौजूद सिक्योरिटी स्टाफ पर भरोसा नहीं था इसलिए वह भी सिक्योरिटी स्कैनर के अंदर बैग के साथ घुस गई।
महिला यात्री ने अंदर अपने सामान पर नजर रखने के लिए ऐसा किया। स्कैनर पर महिला की अविश्वसनीय तस्वीरें देखकर सभी अवाक रह गए। हालांकि अपने हाथों में हैंडबैग थामे महिला को सिक्योरिटी स्कैनर में अपने सूटकेस को डालने में पहले तो कोई परेशानी नहीं थी। लेकिन जब सुरक्षा कर्मचारी ने उसे बताया कि उसके हैंडबैग को भी स्कैनर जांच से होकर गुजरना पड़ेगा तो उसे ये बात पसंद नहीं आई।
ऐसा माना जाता है कि महिला अपने हैंडबैग और उसमें रखे बहुमूल्य सामग्री को खुद से अलग नहीं होने देना चाहती थी। बताया जाता है कि दक्षिणी चीन के डोंग्वान रेलवे स्टेशन पर कन्वेयर बेल्ट पर अपना हैंडबैग रखने के बाद महिला भी उसके उपर चढ़ गई। वहां मौजूद सिक्योरिटी स्टाफ उसे देखकर चकित रह गए और वे उस महिला को ऐसा करने से नहीं रोक पाए।
हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि महिला अपने हैंडबैग में क्या ले जा रही थी। लेकिन अनुमान के तौर पर यह वह चीनी नव वर्ष के लिए उपहार के तौर पर मिलने वाली नकद राशि को ले जा रही थी। हालांकि डोंगग्वान रेलवे स्टेशन के कर्मचारियों ने यात्रियों को सलाह दी है कि स्कैनर द्वारा निकलने वाली हानिकारक विकिरणों से काफी नुक्सान हो सकता है इसलिए उसमें प्रवेश करने की कोशिश ना करें।