कोरोनावायरस पर अंकुश के लिए अमेरिकी सेना ने दक्षिण कोरिया में अपने बेस पर सभी सुविधाएं रोकी
अमेरिकी सेना ने साउथ कोरिया में अपने बेस पर कोरोनावायरस के फैलाव को रोकने के लिए सभी सुविधाएं बंद कर दी है।
बीजिंग। चीन में फैले कोरोनावायरस का असर पूरी दुनिया में देखा जा रहा है। वुहान और हुबेई प्रांत से शुरू हुए इस वायरस का असर दुनिया में भी दिखने लगा है। दुनिया के सभी देशों में इसके संदिग्ध मरीज पाए जा रहे हैं। कई की रिपोर्ट पाजिटिव आ रही है तो कई की निगेटिव। ग्लोबल टाइम्स के अनुसार शनिवार को कोरोनावायरस के कुल 889 नए मामले पाए गए। 118 नई मौतें रिकॉर्ड की गई। अब तक कुल 75,465 नागरिक इससे संक्रमित पाए गए हैं। कुल 2236 लोगों की मौत हो चुकी है। साउथ कोरिया में यूएस मिलिट्री ने इसके प्रभाव को रोकने के लिए डेगू नामक जगह पर बनाए गए सभी ठिकानों पर सुविधाएं रोक दी हैं।
चीन की मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक डेगू नामक जगह पर बड़े पैमाने पर संक्रमण के मरीज पाए गए हैं। अभी तक चीन के वुहान और हुबेई को ही इससे सबसे अधिक प्रभावित पाया गया था मगर अब बाकी इलाकों में भी इसके मरीजों की संख्या बढ़ रही है। डायमंड प्रिंसेज क्रूज पर भी कोरोना के संदिग्ध मरीज पाए गए। उसके बाद उस क्रूज को भी कई दिनों तक समुद्र में रोककर रखा गया। अब उसमें सवार नागरिकों को उन-उन देशों में वापस भिजवाया जा रहा है।
सबसे ताजा मामला चीन की महिला जेलों में कोरोनावायरस के मरीज पाए जाने का सामने आया है। चीन की जेलों में कोरोना वायरस से संक्रमण के 600 से ज्यादा मामले सामने आ चुके हैं। इन मामलों के सामने आने के बाद जेल के कई अधिकारियों को बर्खास्त कर दिया गया है। हुबेई प्रांत के चिकित्सा विभाग की ओर से शुक्रवार को बताया गया था कि गुरुवार को उसकी जेलों में कोरोना वायरस के 271 मामले सामने आ चुके हैं।
चीन की महिला जेलों में कोरोना के सबसे ज्यादा मामले सामने आए। इनमें 7 गार्ड में भी वायरस की पुष्टि हुई है। अधिकारियों ने बताया कि पूर्वी शेडोंग प्रांत की रेनचेंग जेल में 7 गार्ड और 200 कैदियों के वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। इस संबंध में शेडोंग के न्याय विभाग के प्रमुख शी वेइजुन और 7 अन्य अधिकारियों को बर्खास्त कर दिया गया। एक अन्य जेल से 34 लोगों के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की खबर सामने आई है।
एक बात ये भी देखने को मिली है कि जिन जेलों में कोरोनावायरस से पीड़ित होने के मामले सामने आए हैं उनमें महिला जेलों की संख्या अधिक है। न्याय मंत्रालय में जेल प्रशासन निदेशक ही पिंग ने शुक्रवार को संवाददाताओं को बताया था कि अधिकतर मामले हुबेई की राजधानी वुहान की महिला जेल में सामने आए हैं। कम्युनिस्ट पार्टी के स्थानीय अखबार हुबेई डेली के अनुसार वुहान महिला जेल वार्डन को वायरस के प्रकोप को रोकने में विफल रहने के कारण हटा दिया गया है। अब इन जेलों में और भी सतर्कता बरती जा रही है।