चीन के इस कदम पर ताइवान को एतराज, बताया- समझौते का उल्लंघन
चीन ने बगैर सलाह-मशविरे के ताइवान की जल सीमा के ऊपर से हवाई यातायात का नया रूट बना दिया है।
ताइपे (रायटर)। ताइवान सरकार ने चीन द्वारा हाल ही में बनाए गए नए हवाई मार्ग पर कड़ा विरोध जताया और इसे चीन का गैर जिम्मेदाराना रवैया बताया। ताइवान के अनुसार, चीन के इस कदम से क्षेत्रीय शांति को खतरा पैदा हो गया है, इस मार्ग को तत्काल बंद किया जाए।
विचार-विमर्श तो दूर की बात...
चीन ने बिना किसी सलाह-मशविरे के ताइवान की जल सीमा के ऊपर से हवाई यातायात का नया रूट बनाकर उसे चालू कर दिया है। इससे ताइवान की सुरक्षा प्रभावित हो रही है। चीन ने पिछले हफ्ते हवाई यातायात के कई विवादित मार्ग खोले हैं। इनमें से उत्तरी क्षेत्र का एक मार्ग एम 503 ताइवान की जल सीमा के ऊपर से होकर गुजर रहा है।
2015 समझौते का उल्लंघन
इस मार्ग से हवाई यातायात शुरू होने पर ताइवान की लोकतांत्रिक ढंग से चुनी हुई सरकार ने कहा है कि यह 2015 में हुए समझौते का उल्लंघन है। इस समझौते के अनुसार चीन को ऐसा कोई हवाई मार्ग बनाने से पहले उसके बारे में ताइवान से बात करनी थी। रविवार को राष्ट्रपति साई इंग-वेन ने अपने मंत्रियों के साथ हालात पर चर्चा की, उसके बाद चीन से विरोध जताया गया।
क्षेत्रीय स्थिरता के लिए खतरा
राष्ट्रपति ने कहा कि चीन के फैसले से न केवल हवाई सुरक्षा को खतरा पैदा हो गया है बल्कि ताइवान स्ट्रेट की सुरक्षा पर भी सवाल खड़ा हो गया है। यह क्षेत्रीय स्थिरता के लिए खतरनाक है।
संप्रभुता के उल्लंघन के मसले पर ताइवान का अक्सर चीन के साथ विवाद बना रहता है।
यह भी पढ़ें: चीनी सैन्य परीक्षण पर ताइवान ने चेताया, देश की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा बताया